कांग्रेस नेता राहुल गांधी में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने महाराष्ट्र में अपनी यात्रा पूरी कर ली है। यात्रा अब दो दिनों- 21 और 22 नवंबर को महाराष्ट्र में ही विश्राम पर है और 23 नवंबर को मध्यप्रदेश के लिए रवाना होगी। 23 नवंबर को राहुल गांधी सबसे पहले मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले से यात्रा की शुरुआत करेंगे। राज्य में प्रवेश के बाद पहला नाइट स्टे बोरगांव में होगा। पहले यह यात्रा 20 नवंबर को महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश में प्रवेश करने वाली थी लेकिन अब राहुल गांधी 21 नवंबर यानी सोमवार को गुजरात चुनाव के प्रचार के लिए जा रहे हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मध्य प्रदेश में अपने भाई राहुल गांधी की पदयात्रा में शामिल होंगी। ऐसा पहली बार होगा जब वो ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होंगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रियंका गांधी 23 से 25 नवंबर तक अपने भाई के साथ यात्रा में चलेंगी और उनका पूरा साथ देंगी। ये यात्रा अब तक 3,570 किमी की लगभग आधी दूरी तय कर चुकी है।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक़ राहुल गांधी मध्य प्रदेश में 12 दिनों तक यात्रा करेंगे। ये यात्रा चार दिसंबर को मध्य प्रदेश से राजस्थान में प्रवेश करेगी। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ मध्य प्रदेश में कुल 386 किलोमीटर चलेगी। इससे पहले इस यात्रा ने महाराष्ट्र में 380 किलोमीटर से अधिक दूरी तय की। महाराष्ट्र में यात्रा के दौरान सावरकर पर राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस को चौरतफा विरोध का भी सामना करना पड़ा।
कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि मध्यप्रदेश में जिस पॉइंट से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ राज्य में प्रवेश करेगी, वहां 50000 से 1 लाख लोग राहुल गांधी के स्वागत में खड़े होंगे। इनमें कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता भी शामिल होगी। यह एंट्री पॉइंट बुरहानपुर से 35 किलोमीटर दूर इच्छापुर के पास बोडरली गांव में है। इस यात्रा के तहत राहुल गांधी मध्य प्रदेश में दो ज्योतिर्लिंग महादेव मंदिरों के दर्शन करेंगे। इनमें से एक खांडवा का ओंकारेश्वर और दूसरा उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर है। राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेता 25 नवंबर को ओंकारेश्वर महादेव मंदिर का दौरा करेंगे। राहुल गांधी भारत के रॉबिनहुड कहे जाने वाले टंट्या मामा के जन्मस्थान का भी दौरा करेंगे। राहुल गांधी 28 और 29 नवंबर को इंदौर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित कर सकते हैं। कांग्रेस 30 नवंबर से एक दिसंबर तक उज्जैन में शक्ति प्रदर्शन करने की योजना बना रही है। उज्जैन में सभा 1 दिसंबर को होगी।
राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान यूट्यूबर समदीश भाटिया को एक इंटफ्रफ़्विएव दिया है जिसे उन्होंने खुद अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट भी किया है. राहुल ने इस इंटरव्यू में कुछ मजेदार बातें बताई है।
उन्होंने अपने इस साक्षात्कार में बताया कि-
– ‘जब मैं बच्चा था, तो अपनी मां से पूछा करता था कि, ‘क्या मैं सुंदर हूं. मेरी मेरी मां ने मुझे देखा और कहा कि नहीं, आप पूरी तरह से औसत तरह के बच्चे हैं। इसीलिए मेरे दिमाग में यही विचार बैठ गया है कि मैं औसत दिखता हूं।’
– यह पूछे जाने पर कि क्या वह ऐसा बनाकर कह रहे हैं, राहुल गांधी ने कहा कि “नहीं नहीं, मेरी मां ऐसी ही हैं। मेरी मां आपको हमेशा सच बताएंगी, वे वहीं कहेंगी जो सच है। इसके साथ ही मेरे पिता भी और मेरा पूरा परिवार ऐसा ही है। किसी बात को बढ़ा-चढ़ाकर नहीं कहते। यदि आप कुछ कहते हैं, तो वे आपको वही बताएंगे जो आपके बारे में सच है। इसलिए मेरी मां ने कहा कि, आप औसत हैं, उन्होंने ये नहीं कहा कि हां, आप बहुत सुंदर हैं, क्योंकि आप हमारे बेटे हैं। ये बात मेरे दिमाग में बचपन से है’।
– “बेशक, मैं भगवान में विश्वास करता हूं। मैं उस भगवान में विश्वास करता हूं जिसमें मेरी आस्था है। मैं उस भगवान में विश्वास नहीं करता जो किसी और का डिजाइन है। यह एक बहुत ही व्यक्तिगत विचार है, मेरा आंतरिक विचार है यदि आप दार्शनिक पक्ष पर जाना चाहते हैं, तो मैं कहना चाहता हूं कि शिव एक अच्छे विचार हैं। हमारी प्रणाली में शिव की अवधारणा को समझना बहुत कठिन है और मैं उस दिशा में आगे बढ़ूंगा, शिव आत्म, अहंकार से परे एक विचार हैं’।
– राहुल गांधी ने कहा कि वह अपने जूतों की खरीदारी खुद करते हैं लेकिन अब उनकी मां और बहन भी उन्हें जूते भेजती हैं। ‘मेरे कुछ राजनेता दोस्तों ने भी मुझे जूते गिफ्ट किए हैं।’ ये पूछे जाने कि जूते भेजने वालों में कोई बीजेपी से भी है क्या? राहुल गांधी ने कहा, “नहीं नहीं, वे केवल मुझ पर जूते फेंकते हैं।”
महाराष्ट्र में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में राहुल गांधी को मनोरंजन जगत के कई कलाकारों का भी साथ मिला। शनिवार को राज्य में यात्रा के आखिरी चरण में बिग बॉस फेम रश्मि देसाई और एक्ट्रेस आकांक्षा पुरी ने राहुल के साथ पदयात्रा में हिस्सा लिया। इनसे पहले पूजा भट्ट, सुशांत सिंह और रिया सेन जैसे सेलेब्स भी इस यात्रा में शामिल हुए थे।
राज्य में यात्रा के अंतिम दिन, 20 नवंबर को अभिनेता अमोल पालेकर भी पदयात्रा में शामिल हुए। पालेकर के साथ उनकी पत्नी और निर्देशक, लेखिका संध्या गोखले भी शामिल हुईं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी संसद के शीतकालीन सत्र में भाग नहीं लेंगे। पार्टी प्रवक्ता जयराम रमेश ने बताया कि राहुल पार्टी की भारत जोड़ो यात्रा पर फोकस करेंगे। इस वजह से संसद सत्र में शामिल नहीं हो सकेंगे। संसद का शीतकालीन सत्र 7 दिसंबर से शुरू होगा जो 29 दिसंबर तक चलेगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी की जारी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कांग्रेस सांसद को एक गंभीर राजनेता के रूप में स्थापित करेगी और उन्हें अपनी मजबूत प्रतिद्वंद्वी बीजेपी का मुकाबला करने में बड़ी मदद करेगी। लेकिन देश के विभिन्न राज्यों से गुजर रही इस यात्रा का स्थायी प्रभाव छोड़ने के लिए इसे किसी एक खास मुद्दे पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए था।
बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (महाराष्ट्र) से पहले राहुल तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। यह यात्रा 12 राज्यों के 20 शहरों से गुजरते हुए 150 दिन तक चलेगी। 3,570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा। यात्रा के फरवरी 2023 की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पहुंचने की संभावना है। इस यात्रा का लक्ष्य कांग्रेस पार्टी के संगठन को पुनर्जीवित करना है।
