हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन गांडेय विधानसभा सीट से लड़ेंगी उपचुनाव

झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने घोषणा की है कि जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन गांडेय विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ेंगी।गिरिडीह जिले की सीट झामुमो विधायक सरफराज अहमद के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। गांडेय विधानसभा सीट पर उपचुनाव राज्य में संसदीय चुनाव के साथ 20 मई को होना है।

एमटेक और एमबीए योग्यता वाली गृहिणी कल्पना ने अपनी स्कूली शिक्षा ओडिशा के मयूरभंज जिले के बारीपदा से पूरी की और भुवनेश्वर में अलग-अलग संस्थानों से इंजीनियरिंग और एमबीए की डिग्री प्राप्त की।

भारतीय जनता पार्टी ने गांडेय सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रदेश मंत्री दिलीप कुमार वर्मा को प्रत्याशी घोषित किया है। वर्ष 2019 के गांडेय विधानसभा चुनाव में झामुमो के डॉ सरफराज अहमद ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में उन्होंने भाजपा के जयप्रकाश वर्मा को पराजित किया था।

बदलते राजनीतिक परिस्थिति में झामुमो के तत्कालीन विधायक डॉ सरफराज अहमद ने गत एक जनवरी को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। माना जा रहा है कि कल्पना सोरेन के लिए यह सीट खाली की गई है।

कल्पना की राजनीतिक यात्रा 4 मार्च को गिरिडीह जिले में झामुमो के 51वें स्थापना दिवस समारोह से शुरू हुई, जब उन्होंने दावा किया कि 2019 में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के सत्ता में आने के बाद से विरोधियों द्वारा एक साजिश रची गई थी और झारखंड उन ताकतों को करारा जवाब देगा जिन्होंने उनके पति को सलाखों के पीछे डाला।

उनके पति हेमंत सोरेन को प्रवर्तन निदेशालय ने 31 जनवरी को कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *