पेगासस पर सदन में हंगामा IT मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव के बयान पर बवाल TMC सांसद ने पेपर फाड़ कर विरोध किया

नई दिल्ली: सदन में आज पेगासस पर जम कर हंगामा हुआ।तृणमूल कांग्रेस के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को राज्य सभा में कार्यवाही के दौरान कुछ काग़ज़ों को फाड़ना शुरू किया और पन्नों को हवा में लहराकर विरोध का प्रदर्शन यह घटना उस वक्त हुई जब सूचना प्रौद्योगिकी और संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव पेगासस सॉफ्टवेयर के जरिये भारतीयों की जासूसी करने संबंधी खबरों और इस मामले में विपक्ष के आरोपों पर सदन में बयान दे रहे थे।

 

दो बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही आरंभ हुई, उपसभापति हरिवंश ने बयान देने के लिए वैष्णव का नाम पुकारा। इसी समय, तृणमूल कांग्रेस और कुछ विपक्षी दल के सदस्य आसन के करीब आ गये।

 

उन्होंने नारेबाजी आरंभ कर दी और अनुमान है कि मंत्री के बयान की प्रति फाड़ कर उसके टुकड़े हवा में लहरा दिए।

केंद्रीय मंत्री वैष्णव हंगामे और शोरगुल के कारण अपना बयान पूरा नहीं पढ़ सके। लिहाजा उन्होंने इसे सदन के पटल पर रख दिया।

 

उपसभापति हरिवंश ने हंगामा कर रहे सदस्यों से असंसदीय व्यवहार ना करने का अनुरोध किया लेकिन जब उनकी एक ना सुनी गई तो उन्होंने सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित कर दी।

 

इससे पहले भी विपक्षी दलों ने विभिन्न मुद्दों पर सदन में हंगामा किया था। इसके चलते सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।

 

हंगामा कर रहे विपक्षी सदस्यों ने पेगासस जासूसी विवाद सहित कुछ अन्य मुद्दों पर सदन में नारेबाजी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *