‘भारत जोड़ो यात्रा’ का 83वां दिन: आज उज्जैन में महाकाल के दर्शन करेंगे राहुल गांधी भाजपा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा- ‘बीजेपी ने मेरी इमेज खराब करने में करोड़ों रुपए लगाए’

मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पदयात्रा का आज सातवां दिन है। यात्रा मंगलवार सुबह सांवेर से शुरू हुई। आज दोपहर बाद राहुल गांधी उज्जैन में बाबा महाकाल का दर्शन करेंगे और साथ ही एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। आज सुबह की यात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और आम लोगों का हुजूम देखने को मिला।

इससे पहले सोमवार को इंदौर में राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमे बीजेपी और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, ‘बीजेपी की प्रॉब्लम यह है कि उन्होंने हजारों करोड़ रुपए मेरी इमेज खराब करने में लगाए। लोग सोचते है कि यह मेरे लिए नुकसानदेयक है,जबकि मुझे लगता है कि यह मेरे लिए अच्छा है, क्योंकि मेरे पास सच्चाई है! अगर आप किसी बड़ी शक्ति से लड़ रहे हो तो निजी हमले होंगे। अगर मुझ पर ये हमले हो रहे हैं तो मुझे लगता है कि मैं सही काम कर रहा हूं। ये एक प्रकार से मेरा गुरू है। ये मुझे सिखाता है कि मुझे इधर जाना है, उधर नहीं जाना। लड़ाई क्या है, लड़ाई जो आपके सामने खड़ा है, लड़ाई उसकी सोच को गहराई से समझने की है। मैं धीरे-धीरे आरएसएस और भाजपा की सोच को अच्छे से समझने लगा हूं’।

राजस्थान में मुख़्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच चल रहे विवाद के सवाल पर राहुल ने कहा कि ये दोनों नेता हमारी पार्टी के एसेट हैं। मैं इसमें नहीं जाना चाहता कि किसने क्या कहा, लेकिन मैं आपको इस बात की गारंटी सकता हूं कि इसका भारत जोड़ो यात्रा पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

क्या आप फिर से अमेठी से चुनाव लड़ेंगे? इस सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि, ‘ये सब भारत जोड़ो यात्रा के मुख्य विचार से भटकाने वाली बातें है। मैं मीडिया को कोई हेडलाइन नहीं देना चाहता क्योंकि फिलहाल मेरा ध्यान भारत जोड़ो यात्रा पर है।’ उन्होंने कहा, ‘इस मुद्दे पर आपके सवाल का जवाब एक साल या डेढ़ साल बाद आएगा।’

भाजपा द्वारा यूनिफॉर्म सिविल कोड की घोषणाओं पर राहुल ने कहा- ‘उनको जो करना है, उनको करना है। हमें जो करना है वो हमें करना है। हमारी दिशा स्पष्ट है। हम जानते हैं किन लोगों की मदद करनी है, किन लोगों की रक्षा करनी है। हम अपना काम कर रहे हैं।’

बेरोजगारी लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में राहुल ने कहा कि, ‘इसका सबसे बड़ा कारण है, तीन-चार लोगों के हाथ में हिंदुस्तान का पूरा धन दे दिया है। वे हर क्षेत्र में एकाधिकार करते जा रहे हैं। टेलिकॉम, रिटेल, इन्फ्रास्ट्रक्चर बाकी सब। इससे स्मॉल स्केल और मीडियम बिजनेस वालों की ग्रोथ रुक गई है। इसलिए जो ग्रोथ पोटेंशियल देते हैं, उस पर ध्यान देना जरूरी है। जो इस देश की नींव है, जो किसान हैं, उन्हें छोड़ दिया है। उनको कोई सहायता नहीं है, उनको बीज, खाद, बीमा कुछ नहीं मिल रहा। आंख मूंदकर निजीकरण हो रहा है। कॉलेज, यूनिवर्सिटी, हॉस्पिटल, सब जगह। हम चाहते हैं कि स्कूल और अस्पताल सरकार की जिम्मेदारी है’।

‘भारत जोड़ो यात्रा’ के छठे दिन इंदौर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी साइकिल चलाते हुए दिखे। राहुल ने इंदौर के सांवेर रोड पर टी ब्रेक के दौरान साइकिल चलाई। ये साइकिल अमोल वाधवानी की थी। अमोल साइकिल राइडर हैं और उन्होंने इंदौर की सड़कों पर साइकिलिंग करके भारत का नक्शा बनाया है। वे जब राहुल गांधी से मिले तो उनके इंदौर के मैप पर बनाए गए भारत के नक्शे में यात्रा का रूट हाईलाइट किया। राहुल ने इस नक्शे पर उन्हें अपना ऑटोग्राफ भी दिया।

30 नवंबर को उज्जैन में यात्रा का ब्रेक होगा। ऐसी खबर है कि राहुल गांधी 30 नवंबर को गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान (5 दिसंबर) के पहले चुनाव सभा के लिए गुजरात जा सकते है। इस दौरान भारत जोड़ो यात्रा पड़ाव एक दिन और दो रात उज्जैन में रहेगा। इसके बाद 1 दिसंबर को यात्रा सुबह 6 बजे आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज कैम्प से रवाना होगी।

मध्य प्रदेश में विधानसभा का चुनाव साल 2023 में होना है। राज्य में विधानसभा की 230 सीटें हैं। इस यात्रा का राज्य में जो मुख्य रुट है उसमें कुल 66 सीटें हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का ऐसा मानना है कि इस क्षेत्र मं ज़्यादा सीटें जीतने वाली पार्टी ही राज्य की सत्ता को हासिल करती रही है। 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने इन सीटों में से बीजेपी से 3 सीटें कम मिलने के बावजूद सरकार बनाई थी। कांग्रेस की नज़र राज्य के अनुसूचित जनजाति की 47 और अनुसूचित जाति वर्ग की 35 सीटों पर भी है। ये दो समीकरण (मालवा-निमाड़ की 66 और एससी-एसटी की 82 सीटों में ज़्यादा सीटें पाना) बीजेपी समेत अन्य पार्टियों की रणनीति का भी हिस्सा हैं।

भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश के बाद अगला पड़ाव राजस्थान होगा। चार दिसंबर को यात्रा का मध्यप्रदेश में आखिरी दिन होगा। इसके बाद यात्रा लालाखेड़ी से राजस्थान के झालावाड़ में प्रवेश करेगी। लालखेड़ी में कमलनाथ राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष को यात्रा का ध्वज सौंपेगे।

बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (मध्यप्रदेश) से पहले राहुल तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना और महाराष्ट्र में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। यह यात्रा 12 राज्यों के 20 शहरों से गुजरते हुए 150 दिन तक चलेगी। 3,570 किलोमीटर लंबी इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा। यात्रा के फरवरी 2023 की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर पहुंचने की संभावना है। इस यात्रा का लक्ष्य कांग्रेस पार्टी के संगठन को पुनर्जीवित करना है।

ये है मध्य प्रदेश में यात्रा का आगे का कार्यक्रम:-

29 नवंबर

• सुबह 6.00 बजे सांवेर ये शुरू होगी यात्रा।
• सुबह 10.00 बजे निनोरा में ब्रेक।
• शाम 4 बजे सामाजिक न्याय परिसर उज्जैन में आमसभा।
• गुरू संदीपनी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट में रात्रि विश्राम।

1 दिसंबर

• सुबह 06.00 बजे आरडी मेडिकल कॉलेज से यात्रा प्रारंभ।
• सुबह 10.00 बजे नजरपुर गांव में ब्रेक।
• दोपहर 03.30 बजे घटिया बस स्टैंड से शुरू।
• शाम 06.30 बजे घोसला फाटा पर ब्रेक।
• स्कायलार्क प्रोटीन फैक्ट्री परिसर आगर में रात्रि विश्राम।

2 दिसंबर

• सुबह 06.00 बजे स्कायलार्क प्रोटीन फैक्ट्री से शुरू।
• सुबह 10.00 बजे सुमराखेड़ी में ब्रेक।
• दोपहर 03.30 बजे सुमराखेड़ी जोड़ से यात्रा की शुरूआत।
• शाम 06.30 बजे आगर छावनी में ब्रेक।
• काशी बडिया आगर में रात्रि विश्राम।

3 दिसंबर

• सुबह 06.00 बजे बस स्टॉप महुडिय़ा से यात्रा प्रारंभ।
• सुबह 10.30 बजे अमला शिवाय होटल के समीप ब्रेक।
• दोपहर 03.30 बजे जैन मंदिर सुसनेर से शुरू।
• शाम 06.30 बजे मंगेशपुरा चौराहे पर ब्रेक।

4 दिसंबर

• सुबह 06.00 बजे अन्नपूर्णा ढाबा से यात्रा की शुरूआत।
• सुबह 10.00 बजे सोयतकलां में ब्रेक।
• दोपहर 03.30 बजे गल्र्स हॉस्टल के पास से यात्रा शुरू।
• शाम 06.30 बजे पिपलेश्वर बालाजी मंदिर डोंगरगांव में ब्रेक।
• इसके बाद यात्रा राजस्थान में प्रवेश कर जाएगी, यहां छांवली चौराहा राजस्थान में रात्रि विश्राम रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *