बीजेपी ने एनडीए उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ने पर अभिनेता-राजनेता पवन सिंह को पार्टी से निकाला

बीजेपी ने बुधवार को भोजपुरी अभिनेता से नेता बने पवन सिंह को बिहार की काराकाट लोकसभा सीट से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने की वजह से निष्कासित कर दिया है। सिंह ने 9 मई को अपना नामांकन दाखिल किया था, जिसके बाद से काराकाट से उनकी उम्मीदवारी को लेकर हफ्तों से चल रही अटकलें खत्म हो गईं थीं।

पवन सिंह को लिखे पत्र में बीजेपी ने कहा कि उनका फैसला ‘पार्टी विरोधी’ है और साथ ही पार्टी के सिद्धांतों के खिलाफ होने के साथ-साथ इसकी छवि भी खराब हुई है।

https://x.com/ANI/status/1793146328379445653

बिहार बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय प्रभारी अरविंद शर्मा की ओर से जारी निष्कासन आदेश में लिखा गया है, ‘पवन सिंह लोकसभा चुनाव में एनडीए के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। उनका यह कार्य दल विरोधी है। उन्होंने यह कार्य पार्टी अनुशासन के विरुद्ध किया है, जिससे पार्टी की छवि धुमिल हुई है। उन्हें दल विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण प्रदेश अध्यक्ष के आदेशानुसार भाजपा से निष्कासित किया जाता है।’

दरअसल, बीजेपी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए जारी प्रत्याशियों की अपनी पहली ही सूची में पवन सिंह को पश्चिम बंगाल के आसनसोल से टिकट दिया था। भोजपुरी स्टार ने टिकट मिलने पर बीजेपी और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया था और आसनसोल से अपना खून-पसीने और रोजी-रोटी का रिश्ता बताया था। लेकिन एक दिन बाद ही उन्होंने बंगाल से चुनाव लड़ने में असमर्थता जताई। बीजेपी ने फिर उनकी जगह एसएस अहलूवालिया को आसनसोल से अपना प्रत्याशी बनाया।

पवन सिंह ने कुछ दिन बाद ऐलान किया कि वह काराकाट से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘माता गुरुतरा भूमेरू, अर्थात माता इस भूमि से कहीं अधिक भारी होती हैं और मैंने अपनी मां से वादा किया था की मैं इस बार चुनाव लड़ूंगा। मैंने निश्चय किया है कि मैं 2024 का लोकसभा चुनाव काराकाट, बिहार से लड़ूंगा। जय माता दी।’

काराकाट में 1 जून को लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में मतदान होगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के अलावा, महागठबंधन के राजाराम सिंह और एआईएमआईएम की प्रियंका चौधरी दक्षिण बिहार की इस सीट से चुनावी मैदान में हैं।

अभिनेता-राजनेता को निष्कासित करने के भाजपा के फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने संवाददाताओं से कहा कि यह “उपेंद्र कुशवाहा को हराने की साजिश थी। आंतरिक रूप से, भाजपा पवन सिंह की मदद कर रही है”।

अपनी ओर से बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, ‘अगर कोई पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ता है तो स्वाभाविक तौर पर पार्टी कार्रवाई करती है।’

कुशवाह के खिलाफ चुनाव लड़ने के पवन सिंह के फैसले की केंद्रीय मंत्री आरके सिंह सहित कई भाजपा नेताओं ने आलोचना की। केंद्रीय मंत्री आरके सिंह आरा लोकसभा सीट से मैदान में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *