डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री ने सीएम ममता को भेजा कानूनी नोटिस, ‘द कश्मीर फाइल्स’ के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी से जुड़ा है मामला

फिल्म निर्माता विवेक अग्निहोत्री ने कहा है कि उन्होंने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को उनके हालिया बयानों के संबंध में कानूनी नोटिस भेजा है। अपने हालिया बयानों में ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि ‘द कश्मीर फाइल्स’ और हाल ही में रिलीज़ हुई ‘द केरल स्टोरी’ जैसी फिल्में समाज के एक निश्चित वर्ग को अपमानित करने के लिए बनाई गई।

विवेक अग्निहोत्री ने कानूनी नोटिस के स्क्रीनशॉट साझा किए और लिखा, “मैंने और पल्लवी जोशी ने बंगाल की मुख्यमंत्री को उनके झूठे और अत्यधिक मानहानिकारक बयानों के लिए एक कानूनी नोटिस भेजा है।”

बनर्जी ने कोलकाता में राज्य सचिवालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा था, ‘द कश्मीर फाइल्स’ क्या है? यह एक वर्ग को अपमानित करना है। क्या है ‘द केरला स्टोरी’?… यह एक विकृत कहानी है। भाजपा केरल की कहानी को तोड़-मरोड़ कर दिखा रही है। कुछ दिन पहले भाजपा द्वारा वित्तपोषित कुछ सितारे बंगाल आए, और कुछ विकृत और मनगढ़ंत कहानी के साथ वे बंगाल फाइल तैयार कर रहे हैं।

‘द कश्मीर फाइल्स’ 2022 में रिलीज़ हुई थी और इसका निर्देशन विवेक अग्निहोत्री ने किया था। यह फिल्म 90 के दशक में कश्मीरी पंडितों के पलायन की कहानी बयां करती है। दूसरी ओर ‘द केरल स्टोरी’ वर्तमान में कई राज्यों में प्रतिबंध का सामना कर रही है। ये फिल्म केरल की महिलाओं के एक समूह की कहानी पर आधारित है, जो इस्लाम में परिवर्तित हो गए और इस्लामिक स्टेट ऑफ़ इराक एंड सीरिया में शामिल हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *