‘भारत जोड़ो यात्रा’ सोमवार को नारी शक्ति के नाम है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ बूंदी के तेजाजी महाराज मंदिर से शुरू की। इस मौके पर उनके साथ कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी और रोबर्ट वाड्रा भी शामिल हैं।
सोमवार शाम 3:30 बजे यात्रा फिर शुरू होकर 6:30 भगत सिंह चौराहा कुस्तला (खंडार) सवाई माधोपुर पहुंचेगी। जहां पर नुक्कड़ सभा आयोजित होगी। रात्रि विश्राम एनएस पवित्र भोजनालय के सामने बोरिफ (खंडार) सवाई माधोपुर पर रहेगा।
रविवार को बूंदी जिले के अरनेठा से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा का भव्य स्वागत हुआ। राहुल गांधी ने कोटा खुर्द मे पूर्व जिला प्रमुख महावीर मीणा द्वारा लाई गई बैलगाड़ी भी चलाई। इस बैलगाड़ी को सजाया गया था। इस दृश्य को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी हालांकि कुछ देर बाद ही राहुल गांधी पदयात्रा करने लगे।
रविवार शाम को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा भी चले। उनके साथ प्रियंका की बेटी और राहुल की भांजी मिराया भी थी।
राहुल गांधी 18 दिसंबर को अलवर में संवाददता सम्मेलन को संबोधित करेंगे और इसके अगले दिन जनसभा का आयोजन होगा। यात्रा 24 दिसंबर को दिल्ली में प्रवेश करेगी और इसके बाद कुछ दिनों का विश्राम होगा। उन्होंने कहा कि यात्रा 2 या 3 जनवरी को दिल्ली से शुरू होगी और फिर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और फिर जम्मू-कश्मीर तक जाएगी। जयराम रमेश ने बताया कि इस यात्रा के तहत 27 से 30 जनवरी के बीच श्रीनगर पहुंचने का प्रयास है।
यह पूछे जाने पर कि क्या यात्रा के दिल्ली पहुंचने के बाद राहुल गांधी संसद के शीतकालीन सत्र में शामिल होंगे तो रमेश ने कहा, ‘‘यह स्वाभाविक है कि अगर वह दिल्ली में होते हैं और वह संसद जाएंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने संसद का बहिष्कार नहीं किया है, बल्कि वह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर हैं। संसद का शीतकालीन सत्र सात दिसंबर से शुरू हुआ और 29 दिसंबर तक चलेगा।
अब तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में करीब 76 संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने राहुल गांधी के साथ मुलाकात की है। इसी तरह अभी तक की यात्रा में 158 संस्थाओं के प्रतिनधि राहुल गांधी के साथ पैदल चले हैं।
जिन 18 विधानसभाओं से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ राजस्थान में चलेगी, उनमें से 12 पर कांग्रेस और 6 पर बीजेपी का कब्जा है। इनमें ज्यादातर सीटें गुर्जर और मीणा बहुल हैं जिन पर सचिन पायलट का दबदबा ज्यादा है।
‘भारत जोड़ो यात्रा’18 दिनों तक राजस्थान में रहेगी। इस दौरान यह यात्रा 6 जिलों (झालावाड़, कोटा, बूंदी, सवाई माधोपुर, दौसा और अलवर) में करीब 500 किलोमीटर का सफर तय करेगी और फिर हरियाणा के रास्ते दिल्ली में प्रवेश करेगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक राजस्थान में राहुल गांधी की यात्रा छह जिलों की 18 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। 18 दिनों की इस यात्रा में राहुल गांधी 15 दिन ही चलेंगे। गांधी 15 दिसंबर को दौसा के लालसोट में किसानों के साथ संवाद करेंगे और 19 दिसंबर को अलवर के मालाखेड़ा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। मालूम हो कि 4 दिसंबर को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश से राजस्थान के झालावाड़ जिले के चंवली में प्रवेश कर गई थी। तब से यह यात्रा हाड़ौती संभाग के झालावाड़ जिले फिर कोटा उसके बाद बूंदी जिले में चल रही है।
कांग्रेस अब महिला जोड़ो यात्रा निकालने की तैयारी में-
‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में पैदा हो रहे उत्साह को देखते हुए अब कांग्रेस पार्टी ‘महिला जोड़ो यात्रा’ निकालने की तैयारी में है। सूत्रों का कहना है कि 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी इसके जरिये महिला वोटर्स तक पहुंच बनाने की योजना बना रही है। कांग्रेस की इस महिला जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कई नेता करेंगे लेकिन इसके केंद्र में प्रियंका गांधी होंगी। प्रियंका हरेक राज्य में महिला मोर्चा का नेतृत्व करेंगी और महिला घोषणापत्र भी जारी करेंगी। सूत्रों का कहना है कि पार्टी महिला कांग्रेस और प्रियंका की स्टार छवि पर केंद्रित होकर महिला अध्यक्ष के नहीं होने वाले नुकसान की भरपाई करना चाहती है।
26 जनवरी से कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान भी शुरू होगा
जयराम रमेश ने कहा कि ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान दो महीने तक चलेगा। दो माह का यह अभियान तीन चरण में चलेगा। पहले चरण में हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा के भावनात्मक वीडियो दिखाए जाएंगे। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन प्रत्येक विकासखंड में बाइक रैली निकालेंगे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कके नेतृत्व में प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च और महिला घोषणापत्र का विमोचन होगा।
बता दें कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से हुई थी। यात्रा के वर्तमान चरण (राजस्थान) से पहले राहुल तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश में अपनी इस यात्रा को पूरा कर चुके हैं। राजस्थान की सीमा के प्रवेश करने तक राहुल गांधी 2200 किलोमीटर से ज्यादा पैदल चल चुके हैं। यात्रा अब तक मध्य प्रदेश सहित सात राज्यों से होकर राजस्थान पहुंची है। 3570 किलोमीटर लंबी यह यात्रा 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों तक जाएगी और इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा।
