कांग्रेस पार्टी अब चुनावी मोड में: 3 राज्यों में पार्टी ने बदला प्रभारी, कुमार शैलजा को मिली छत्तीसगढ़ की कमान तो रंधावा ने राजस्थान में अजय माकन की जगह ली

कांग्रेस ने पार्टी के संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए राजस्थान, हरियाणा और छत्तीसगढ़- तीनों ही राज्यों में प्रभारी बदल दिया है। पंजाब के पूर्व मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा को राजस्थान का प्रभारी नियुक्त किया गया है तो वहीं कुमारी शैलजा को छत्तीसगढ़ का और शक्ति सिंह गोहिल को दिल्ली के अलावा हरियाणा का भी प्रभारी बनाया गया है। इन नियुक्तियों को लेकर कांग्रेस पार्टी में महासचिव केसी वेणुगोपाल ने लेटर जारी किया है। इस आधिकारिक संदेश में कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने तत्काल प्रभाव से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी में ये नियुक्तियां की हैं।

कुमारी शैलजा ने पीएल पुनिया, रंधावा ने अजय माकन और शक्ति सिंह गोहिल ने विवेक बंसल का पद ग्रहण किया है। मालूम हो कि अजय माकन राजस्थान के प्रभारी थे, लेकिन गहलोत खेमे के आरोपों के बाद उन्होंने पद छोड़ दिया था, जिसके बाद से पद खाली पड़ा था।

पार्टी को ओर से जारी किए गए लेटर में कहा गया है कि पार्टी अजय माकन, पीएल पुनिया और विवेक बंसल के योगदान की सराहना करती है और उन्हें उनके संबंधित राज्यों के महासचिव और प्रभारियों के रूप में उनकी जिम्मेदारियों से मुक्त करती है। इस लेटर में लिखा है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने गुरदीप सिंह सप्पल को पवन कुमार बंसल के साथ लगाया है। बंसल अभी में पार्टी के कोषाध्यक्ष हैं और प्रशासनिक विभाग के प्रभारी भी हैं।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में साल 2023 में होने जा रहे विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए ये बदलाव किए गए हैं। दोनों राज्यों में अभी कांग्रेस की सरकार है।

बता दें कि रविवार को दिल्ली में AICC के ऑफिस में हुए कांग्रेस संचालन समिति की बैठक में वर्तमान पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ‘ऊपर से नीचे’ तक पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने का संदेश दिया। खड़गे ने पार्टी में संगठनात्मक जवाबदेही को लेकर कहा था कि जो लोग अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने में असमर्थ हैं, उन्हें अपने सहयोगियों के लिए जगह बनानी होगी। उन्होंने यह भी पूछा था कि क्या पार्टी के प्रभारियों ने महीने में 10 दिन भी अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा किया है? उन्होंने राज्य के प्रभारियों से 30 से 90 दिनों की अवधि में लोगों के मुद्दों को उठाने के लिए एक रोडमैप पेश करने के लिए कहा और 2024 से पहले जिन राज्यों में चुनाव होने हैं, वहां कार्यक्रमों की जानकारी मांगी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मेरा मानना ​​है कि पार्टी और देश के प्रति हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। कांग्रेस संगठन मजबूत, जवाबदेह और लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेगा, तभी हम मजबूत होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *