चूहे पकड़ने के लिए सरकार ने निकाली वैकेंसी, 1.3 करोड़ रुपये की मिलेगी सालाना सैलरी, आपका जॉब टाइटल होगा ‘Director Of Rodent Mitigation’

क्या आपने कभी सुना है कि चूहे पकड़ने की किसी को नौकरी मिली? जी हाँ, अब आपको चूहे पकड़ने की मिल सकती है नौकरी। लेकिन इस नौकरी के लिए आपमें बहुत उम्दा स्किल होने की जरूरत है जैसे कि, क्या आपको चूहों से नफरत है? क्या आप चूहों के ‘खून के प्यासे हैं’? क्या आपकी छवि एक ‘बदमाश’ जैसी है? अगर आपके अंदर ये सभी खूबियां हैं, तो आप पा सकते हैं ये नौकरी और आपको सालाना 1.3 करोड़ रुपये की सैलरी मिलेगी।

अमेरिका के बड़े शहरों में शुमार न्यूयॉर्क सिटी में चूहों ने आतंक फैला रखा है। इससे निजात पाने के लिए न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स के प्रशासन ने चूहे पकड़ने वाले व्यक्ति के लिए जॉब वैकेंसी निकाली है, ताकि चूहों के खिलाफ चल रहे अभियान को पूर्ण रूप से सफलता मिल सके। उन्होंने ‘रैट जार’ की वैकेंसी निकाली है।

न्यूयॉर्क शहर में निकली इस वैकेंसी का जॉब टाइटल है- ‘Director Of Rodent Mitigation’ जिसका हिंदी में मतलब है ‘चूहों को काबू में करने वाला डायरेक्टर’। इस नौकरी को ‘रैट जार’ का नाम दिया गया है। इस पद पर जो सेलेक्ट होंगे उन्हें 120,000 डॉलर (97 लाख रुपये) से लेकर 170,000 डॉलर (1.3 करोड़ रुपये) तक सालाना सैलरी दी जाएगी।

इस नौकरी के बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए बताया गया है कि ये 24/7 जॉब है, जिसके लिए आपमें काफी स्टेमिना होना चाहिए। जिन्हे इस जॉब को करना है उन्हें इस काम को लेकर प्रेरित होना चाहिए और उसका चूहों के प्रति ‘खून का प्यासा’ जैसा रवैया होना जरूरी है। उम्मीदवार के पास चूहों से निपटने के लिए हर तरीके का समाधान होना चाहिए, जिसमें चूहों के खिलाफ अभियान को बेहतर बनाना, डाटा कलेक्शन, टेक्नोलॉजी इनोवेशन, कचरे को मैनेज करना और बड़े पैमाने पर चूहों की हत्या करना शामिल है।

इस नौकरी के लिए के लिए दिए गए अन्य बताई गई अन्य योग्यताओं में कहा गया है कि कैंडिडेट का एटिट्यूड धाकड़ बदमाश व्यक्ति वाली होनी चाहिए। उम्मीदवार के पास BA की डिग्री होना चाहिए और संबंधित फील्ड में पांच से आठ साल का अनुभव भी अनिवार्य है। इस पद पर चुने जाने वाले उम्मीदवारों को सिटी हॉल में लोगों को संबोधित भी करना पड़ेगा इसलिए उम्मीदवार में सेंस ऑफ ह्यूमर भी होना चाहिए।

बता दें कि न्यूयॉर्क में काफी लंबे वक़्त से चूहों से निपटने के लिए कार्रवाई की जा रही है, लेकिन इसका अब तक कोई ठोस परिणाम देखने को नहीं मिल सका है। पार्क, फुटपाथ और लगभग सभी जगहों पर चूहों ने तांडव मचा रखा है। पूर्व मेयर ने करोड़ों रुपये खर्च करके चूहों से निपटने की कोशिश की, लेकिन इसका भी कोई फायदा नहीं हुआ। चूहों की वजह से कई तरह की बीमारियों के फैलने का खतरा भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *