ऑस्कर 2023 के फाइनल नॉमिनेशन की घोषणा कर दी गई है। इसमें एसएस राजामौली की फिल्म RRR का गाना नाटु-नाटु को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग की कैटेगरी में नॉमिनेट किया गया है। इस गाने को एम एम कीरवानी ने लिखा है। पिछले दिनों नाटू-नाटू गाना ने गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड में बेस्ट सॉन्ग कैटेगरी का अवॉर्ड जीता था। क्रिटिक्स चॉइस अवॉर्ड में RRR ने बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म और नाटू-नाटू गाने ने बेस्ट सॉन्ग का अवॉर्ड जीता था। इस नॉमिनेशन के बाद अब सभी की निगाहें 12 मार्च पर टिकी हैं, जिस दिन ऑस्कर 2023 के विजेता की घोषणा होगी।
RRR मूवी ने ट्वीट कर लिखा- ‘हमने इतिहास बनाया है। ये बताते हुए हमें गर्व है कि नाटू-नाटू 95वें एकेडमी अवॉर्ड की बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है।’
20 कैटेगरी में ऑस्कर फाइनल नॉमिनेशन अनाउंस किए गए हैं जिनमें अवतार: द वे ऑफ वाटर और द टॉपगन मेवरिक को बेस्ट पिक्चर कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है। भारत की ऑल दैट ब्रीद्स, बेस्ट डॉक्यूमेंट्री और द एलिफेंट विस्परर्स बेस्ट डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट के लिए नॉमिनेट हुई हैं।
इस बार ऑस्कर के लिए कुल 301 फिल्मों की लिस्ट 9 जनवरी को रिलीज की गई थी। इन सभी फिल्मों के लिए 12 से 17 जनवरी तक नॉमिनेशन वोटिंग चली । आखिरकार 24 जनवरी को लिस्ट सामने आ गई, जिसमें RRR सबसे आगे निकली। इस साल 12 मार्च 2023 को 95वीं ऑस्कर सेरेमनी होगी।
बता दें कि मशहूर डायरेक्टर एसएस राजामौली द्वारा निर्देशित RRR वर्ष 2022 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में से एक है। इस फिल्म में साउथ सुपरस्टार राम चरण, जूनियर एनटीआर प्रमुख रोल में नजर आए थे। इन दोनों के अलावा अभिनेता अजय देवगन और एक्ट्रेस आलिया भट्ट भी फिल्म का हिस्सा थे। RRR ने दर्शकों का दिल जीत लिया था। RRR 24 मार्च 2022 को रिलीज हुई थी। रिलीज होने के बाद इस फिल्म ने ना सिर्फ इंडियन बॉक्स ऑफिस पर ब्लकि दुनियाभर में भी काफी तगड़ी कमाई की थी। इस फिल्म ने दुनियाभऱ में 1200 करोड से भी ज्यादा का कलेक्शन किया है।
