झारखंड अवैध खनन मामला: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ED के सामने हुए पेश, कार्यकर्ताओं को संबोधित कर कहा- ‘ये सरकार को अस्थिर करने की कोशिश है’

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार दोपहर को प्रवर्तन निदेशालय के सामने पेश हुए। अवैध खनन मामले में ED ने उनसे पूछताछ की है। देश के इतिहास में ये शायद पहली घटना है जब किसी राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री से ED ने पूछताछ की है।

ED दफ्तर में पेश होने से पहले आज झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और कहा, ‘आज मुझे ED के दफ्तर में जाना है। राज्य में अवैध खनन की जांच ED कर रही है। उस संदर्भ में मुझे तलब किया है। इस संबंध में मैंने एक पत्र ED को भेजा है कि किस प्रकार से 1000 करोड़ के घोटाले का जो जिक्र साहेबगंज जिले से आया है वो दुर्भाग्यपूर्ण है’। जब से एजेंसी जांच कर रही है, जो आरोप लगे हैं वो कहीं से संभव प्रतीत नहीं होते। कहीं न कहीं एजेंसियों को जांच करने के बाद भी कोई ठोस निर्णय या ठोस आरोप लगाना चाहिए। मैं CM हूं जिस प्रकार से तलब करने का कार्रवाई चल रही है, लग रहा है कि हम देश छोड़कर भागने वाले लोग हैं’।

सोरेन ने कहा कि यह और कुछ नहीं बल्कि सरकार को अस्थिर करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल भी राजनीति का हिस्सा बन गए हैं। लोकतंत्र की भावना बरकरार रहनी चाहिए. संवैधानिक पद पर बैठे लोग जिम्मेदार से काम लें।

हेमंत सोरेन के भाई और JMM विधायक बसंत सोरेन ने कहा, ‘हम इसे परेशानी नहीं मानते हैं। आज हेमंत सोरेन एजेंसी(ED) के समक्ष अपनी सफाई देने गए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं और हेमंत सोरेन ही रहेंगे। नेतृत्व परिवर्तन की जब बारी आएगी तब पार्टी उसपर विचार करेगी’।

हेमंत सोरेन की ईडी से आज की पूछताछ से पहले राजधानी रांची में बड़ी संख्या में जेएमएम के समर्थक जुटे. पुलिस ने इसे देखते हुए ईडी दफ्तर में सुरक्षा के बड़े इंतजाम किए।

JMM समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता रांची में सीएम आवास के बाहर भी इकट्ठा हुए-

राहुल सिन्हा, DC, रांची ने कहा कि ED के समक्ष CM हेमंत सोरेन की पेशी से पहले शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर में 1500 से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है। बैरिकेड्स भी यथासंभव जगहों पर लगाए हैं। एयरपोर्ट जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते भी तैयार किए हैं।

क्या है पूरा मामला?

झारखंड में खनन घोटाले में जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही है। इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ईडी के रडार पर हैं। मुख्यमंत्री सोरेन पर आरोप है कि उन्होंने सीएम रहते हुए जून 2021 में उन्होंने अपने नाम पर खदान का पट्टा आवंटित कर लिया था। उसके बाद बीजेपी नेता रघुवर दास और बाबूलाल मरांडी ने इस मामले की शिकायत राज्यपाल से की थी और कहा कि ये ऑफिस ऑफ प्रॉफिट का मामला है। बीजेपी ने मांग की थी कि मुख्यमंत्री को अयोग्य घोषित किया जाए । बाद में बीजेपी की शिकायत पर राज्यपाल ने इस मामले को चुनाव आयोग भेज दिया था। चुनाव आयोग ने मुख्य सचिव को पत्र भेजकर राज्य सरकार से इस मामले से संबंधित दस्तावेजों के प्रमाणीकरण, लीज के नियमों और शर्तों का विवरण मांगा था।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर विधानसभा की सदस्यता जाने का भी खतरा मंडरा रहा है। ऐसा इसलिए है क्योंकि सूत्रों सेखबर है कि चुनाव आयोग ने खनन मामले में सीएम सोरेन को दोषी ठहराते हुए विधानसभा से उनकी अयोग्यता की सिफारिश की है। हालांकि अभी तक राज्यपाल ने चुनाव आयोग के द्वारा भेजी गई रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया है, जिसकी वजह से राज्य में असमंजस के हालात बने हुए हैं।

ED ने पंकज मिश्रा को 19 जुलाई, 2022 को मनी लॉन्डरिंग एक्ट के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया था। बच्चू यादव और प्रेम प्रकाश को भी इस मामले में ED ने आरोपी बनाया है। इन दोनों लोगों को 4 और 5 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। प्रेम प्रकाश के ठिकानों पर जांच एजेंसी ने 24 अगस्त, 2022 को छापेमारी की थी और इस दौरान ED को झारखंड पुलिस की दो AK-47 राइफल मिली थी।

जांच एजेंसी ने इससे पहले मनी लॉन्डरिंग एक्ट, 2002 के तहत झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा, दाहू यादव और उनके सहयोगियों के 37 बैंक खातों में करीब 12 करोड़ रुपये सीज किये थे। ED ने राज्य के साहिबगंज, बरहेट, राजमहल, मिर्जा चौकी और बरहरवा में 19 स्थानों पर तलाशी भी ली थी।

ED ने इस मामले में कोर्ट में 16 सितंबर, 2022 को चार्जशीट दाखिल की थी। चार्जशीट के मुताबिक, 8 जुलाई को जांच एजेंसी को छापेमारी के दौरान पंकज मिश्रा के आवास से मिले दस्तावेजों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पासबुक और दो चेक बुक मिली हैं, जिनमें दो चेक पर हस्ताक्षर भी हैं। हेमंत सोरेन का खाता बैंक ऑफ इंडिया, साहिबगंज में है। ED ने JMM के पूर्व कोषाध्यक्ष रवि केजरीवाल का बयान भी दर्ज किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *