हिमाचल प्रदेश में शाम 5 बजे तक हुई 65.92% वोटिंग, सबसे ऊंचे पोलिंग बूथ टशीगंग में हुआ सौ फीसदी मतदान, 8 दिसंबर को आएंगे नतीजे

हिमाचल प्रदेश के वोटर्स ने आज हुए विधानसभा चुनाव में जमकर हिस्सा लिया। राज्य के 68 सीटों पर सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ था। प्रदेश में शाम 5 बजे तक 66% वोटिंग होना सामने आया है। 2017 के विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड 75.57 फीसदी मतदान हुआ था।

निर्वाचन आयोग के अनुसार शाम 5 बजे तक लगभग 65.92 प्रतिशत वोटर्स ने मताधिकार का प्रयोग किया। हालांकि वोटिंग के अंतिम आंकड़े दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से पोलिंग पार्टियों के लौटने पर जारी किए जाएंगे। ऐसे में वोटिंग प्रतिशत में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक सिरमौर जिला में सर्वाधिक 72.35 प्रतिशत और किन्नौर में सबसे कम 62 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके अलावा बिलासपुर जिला में 65.72 प्रतिशत, चम्बा में 63.09 प्रतिशत, हमीरपुर में 64.74 प्रतिशत, कांगड़ा में 63.95 प्रतिशत, कुल्लू जिला में 64.59 प्रतिशत, लाहौल-स्पीति जिला में 67.50 प्रतिशत, मंडी जिला में 65.59 प्रतिशत, शिमला जिला में 65.66 प्रतिशत, सोलन जिला में 68.48 प्रतिशत और ऊना जिला में 67.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति जिला के टशीगंग स्थित विश्व के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र में सौ प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस मतदान केंद्र में सभी 52 मतदाताओं ने मतदान कर इतिहास रचा।

वोटिंग खत्म होने के बाद पोलिंग पार्टियों ने ईवीएम को सील किया गया। ईवीएम को सीलबंद कर कड़ी सुरक्षा के बीच जिला मुख्यालयों में बनाए गए स्ट्रांग रूमों में रखा जाएगा। सभी स्ट्रांग रूमों में सीआरपीएफ, आर्म्ड पोलिस और राज्य पुलिस की त्रिस्तरीय सुरक्षा रहेगी। इसके अलावा ईवीएम पर पूरे समय सीसीटीवी की नज़र रहेगी। स्ट्रांग रूम की नियमित जांच होगी और इसकी वीडियोग्राफी भी की जाएगी।

हिमाचल प्रदेश में इस बार चुनावी मुकाबला त्रिकोणीय है। इससे पहले की चुनावों में मुकाबला मुख्य रूप से बीजेपी-कांग्रेस के बीच होता था, लेकिन इस बार आम आदमी पार्टी भी दोनों पार्टियों को टक्कर देने के लिए चुनावी मैदान में है। इस चुनाव में राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह की साख दांव पर लगी हुई है।

बीजेपी का दावा है कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर ही हिमाचल प्रदेश में भी रिवाज बदलने वाला है। यहां दोबारा से बीजेपी को जीत मिलने जा रही है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि हिमाचल में चुनाव का परिणाम तो 8 दिसंबर को आएगा, लेकिन पहली बार जैसे उत्तर प्रदेश में 37 साल का रिकॉर्ड बदला और योगी जी दोबारा मुख्यमंत्री बनें वैसे ही हिमाचल में भी रिवाज बदलेगा।’

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी कहा है कि हिमाचल में भाजपा की दोबारा सरकार बनेगी। बिलासपुर में उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता बहुत जागरूक है इसलिए हमेशा यहां अच्छी पोलिंग होती है। मोदी जी के आशीर्वाद से जयराम जी ने जिस तरह से हिमाचल को आगे बढ़ाया है उसको लोग एक बार फिर से मौका देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह BJP के पक्ष में वातावरण देख रहे हैं।

कांग्रेस ने भी अपनी ओर से इस चुनाव में जीत का दावा किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जनता ने सरकार बदलने का मूड बना लिया है। उन्होंने कहा कि शनिवार को मतदान होने के बाद 8 दिसंबर को यह साफ हो जाएगा कि कांग्रेस पार्टी ही सत्ता में आ रही है। उन्होंने कहा, “रिवाज नहीं बदलेगा, सरकार बदलेगी, परिवर्तन होगा। आम आदमी पार्टी को कुछ नहीं मिलेगा, उनका चेहरा सामने आ गया है। वह भाजपा की B टीम है और वोट काटने के लिए हैं।”

कांग्रेस उम्मीदवार सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हमीरपुर में मतदान किया। उन्होंने कहा, “आज लोकतंत्र के उत्सव का दिन है। मुझे लगता है कि इस बार निश्चित तौर पर कांग्रेस की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी क्योंकि लोगों ने कांग्रेस को मतदान किया है।”

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हिमाचल चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हमने कहा था कि जैसे ही कांग्रेस गुजरात में कूदेगी, वह (AAP) नजर नहीं आएंगे, आज वह नजर नहीं आ रहे। मैं हिमाचल से आया हूं। ऐसा क्या कारण है कि उन्होंने वहां से अपना पूरा प्रचार वापस ले लिया? उन्होंने अपने उम्मीदवार वापस नहीं लिए। आप BJP को जिताना चाह रहे हैं।

हिमाचल में बर्फबारी के बीच बुजुर्ग मतदाताओं का ऐसा हौसला दिखा जो लोकतंत्र के लिए एक मिसाल है। पैदल चलकर बुजुर्ग मतदाता वोट करने के लिए अपने नजदीकी मतदान केंद्र पहुंचे।

-112 साल की बुजुर्ग महिला ने ग्राम पंचायत कोहाल के बूथ 122 लढान में मतदान किया।
-96 साल की गुलाबी देवी ने 14 प्रघवाल में वोट दिया।
-103 वर्षीय शतायु मतदाताएवं ज़िला वृद्धजन आइकन सरदार प्यार सिंह ने वोट दिया।
-मतदान केंद्र चसक भटोरी में 83 वर्षीय महिला बुजुर्ग ने किया मतदान।
-100 साल के ओम चंद कपूर ने मंहगाई के मुद्दे को देखकर वोट किया।

बता दें कि हिमाचल में 2017 के विधानसभा चुनाव में वोटिंग प्रतिशत 75.57 %, 2012 में 73.5%, 2007 में 71.61%, 2003 में 74.51% और 1998 में 71.23% था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *