NIA ने रामेश्वरम कैफे ब्लास्ट की साजिश में शामिल एक शख्स को कई राज्यों में छापेमारी के बाद किया गिरफ्तार

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 1 मार्च को बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में हुए विस्फोट के मुख्य संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। एनआईए की टीमों द्वारा कर्नाटक में 12, तमिलनाडु में 5 और उत्तर प्रदेश में एक स्थान सहित 18 स्थानों पर कार्रवाई करने के बाद मुजम्मिल शरीफ के रूप में पहचाने गए आरोपी को सह-साजिशकर्ता के रूप में हिरासत में लिया गया।

पूर्वी बेंगलुरु के इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी कॉरिडोर के ब्रुकफील्ड क्षेत्र में स्थित रामेश्वरम कैफे में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के कारण हुए विस्फोट की जांच एनआईए द्वारा की जा रही है। इस घटना में दस लोग घायल हो गए थे।

https://x.com/ANI/status/1773350277308944882?s=20

1 मार्च को कैफे के ब्रुकफील्ड आउटलेट पर कम तीव्रता का बम धमाका हुआ था। इस धमाके में ग्राहक और होटल कर्मचारी सहित 10 लोग घायल हो गए थे। धमाका होते ही कैफे के अंदर धुआं भर गया और जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने नजर आए थे। शुरू में लोगों को लगा था कि शायद ये सिलेंडर ब्लास्ट है। मगर, जब पुलिस और NIA की टीम मौके पर पहुंची, तो शक की सूई दूसरी ओर घूम गई। इसके बाद केस पूरी तरह NIA को सौंप दिया गया। इसके बाद की जांच के दौरान कैफे में ब्लास्ट के आरोपी की कुछ तस्वीरें सामने आई थीं। तस्वीरों में आतंकी अलग अलग दिन कभी टोपी तो कभी बिना टोपी और कभी मास्क पहनकर बस में यात्रा करते हुए देखा गया था।

3 मार्च को मामले को संभालने के बाद जांच एजेंसी ने पहले प्राथमिक संदिग्ध मुसाविर शाज़ीब हुसैन की पहचान की थी, जिसने विस्फोट को अंजाम दिया था। एक अन्य कथित साजिशकर्ता अब्दुल मथीन ताहा की भी एजेंसी ने पहचान की है और वह कई अन्य मामलों में वांछित है।

एनआईए के अनुसार, मुजम्मिल शरीफ ने घटना में शामिल उपरोक्त आरोपी व्यक्तियों को साजो-सामान संबंधी सहायता प्रदान की, जिसकी वजह से कैफे में एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) विस्फोट हुआ।

छापेमारी 17 मार्च (बुधवार) को की गई, जिसमें तीन पहचाने गए संदिग्धों के आवासों के साथ-साथ अन्य संदिग्धों के घरों और दुकानों की भी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान नकदी के साथ-साथ विभिन्न डिजिटल उपकरण जब्त किए गए।

टोपी और मुखौटा पहने मुख्य संदिग्ध ने व्हाइटफ़ील्ड के निकट ब्रुकफ़ील्ड क्षेत्र में रामेश्वरम कैफे में एक बैकपैक के भीतर छुपाकर एक कम तीव्रता वाला बम सावधानी से लगाया था। विस्फोट में दस लोग घायल हो गए थे।

इस बीच, एनआईए ने हमलावर की गिरफ्तारी के लिए सूचना देने वाले को 10 लाख रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है, और संदिग्ध की सीसीटीवी तस्वीरें और वीडियो भी जारी किए हैं।

मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *