पंजाब में LPU में बवाल, छात्रा के साथ रेप की अफवाह पर भड़के छात्रों ने की तोड़फोड़ और आगजनी

रविवार तड़के लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में छात्रों ने जमकर हंगामा हुआ। दरअसल एक खबर के मुताबिक कैंपस में LPU की एक छात्रा के साथ बाहरी व्यक्ति द्वारा कथित रेप की बात छात्रों तक पहुंची, सोशल मीडिया साइट्स बात आग की तरह फैलने के बाद छात्रों में आक्रोश फैल गया। छात्रों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।

देर रात करीब 2 बजे गर्ल्स हॉस्टल के पास विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में छात्र उग्र हो गए। उन्होंने यूनिवर्सिटी की संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचाया। छात्रों ने खिड़कियों के शीशे तोड़े, ईंटें और फूलों के गमले फेंके। कैंपस के अंदर कुछ इमारतों के हिस्सों में आग भी लगाई गई। हालात बिगड़ने के बाद यूनिवर्सिटी की निजी सुरक्षा व्यवस्था भी प्रदर्शनकारियों को रोकने में नाकाम रही।

यूनिवर्सिटी कैंपस से हाईवे तक पहुंचा छात्रों का प्रदर्शन

हंगामा बढ़ने के बाद प्रदर्शनकारी छात्र यूनिवर्सिटी के गेट तक पहुंच गए। इस दौरान कैंपस के साइनबोर्ड भी तोड़े गए। इसके बाद सुबह करीब 4 बजे छात्रों ने जालंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हाईवे जाम होने से दोनों शहरों के बीच यातायात प्रभावित हुआ। स्थिति को देखते हुए कपूरथला पुलिस ने यूनिवर्सिटी परिसर में भारी सुरक्षा बल तैनात किया। पुलिस का उद्देश्य कैंपस में और अधिक तोड़फोड़ तथा आगजनी को रोकना रहा।

एसएसपी बोले- रेप की घटना की नहीं मिली पुष्टि

कपूरथला के एसएसपी गौरव तूरा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि छात्रा से रेप की घटना से संबंधित वायरल संदेशों के कारण छात्रों में यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ नाराजगी फैली। पुलिस के अनुसार, अब तक इस घटना की पुष्टि करने वाला कोई सबूत नहीं मिला है और न ही कोई शिकायत प्राप्त हुई है। एसएसपी ने कहा कि छात्रों ने यूनिवर्सिटी की संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया है और फिलहाल नेशनल हाईवे जाम है। पुलिस छात्रों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति धीरे-धीरे नियंत्रण में आ रही है और जल्द हालात सामान्य होने की उम्मीद है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *