एशियन गेम्स में सर्वेश कुशारे को मिला सिल्वर मेडल, 56 साल बाद भारत को पुरुष हाई जंप में जीत मिली

भारत के स्टार हाई जंप खिलाड़ी सर्वेश कुशारे ने एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों की हाई जंप में सिल्वर मेडल जीता। भारत को इस इवेंट में एशियन गेम्स में 56 साल बाद मेडल मिला है।

सर्वेश ने 2.25 मीटर की छलांग लगाकर भारत की झोली में पदक डाल दिया। उन्होंने 2.10 मीटर, 2.14 मीटर, 2.18 मीटर, 2.22 मीटर और 2.25 मीटर की ऊंचाई सफलतापूर्वक पार की। हालांकि वह 2.28 मीटर की ऊंचाई को तीन प्रयासों में पार नहीं कर सके।

चीनी ताइपे के चाओ-ह्सुआन फू ने भी 2.25 मीटर की छलांग लगाई, लेकिन बेहतर काउंटबैक के आधार पर उन्हें गोल्ड मेडल मिला। वहीं दक्षिण कोरिया के सांगह्योक वू को ब्रॉन्ज से संतोष करना पड़ा।

कौन हैं सर्वेश कुशारे?

सर्वेश कुशारे का जन्म 17 जून 1995 को महाराष्ट्र के नासिक के पास स्थित देवरगांव में हुआ था। उन्होंने कोच आरडब्ल्यू जाधव के मार्गदर्शन में एथलेटिक्स की शुरुआत की और धीरे-धीरे भारत के सबसे भरोसेमंद हाई जंप खिलाड़ियों में अपनी पहचान बनाई। सर्वेश ने 2023 एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 2.26 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल जीता था। इसी प्रदर्शन के दम पर उन्होंने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई किया।

इसी साल नेशनल रिकॉर्ड बनाया

2025 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने छठा स्थान हासिल किया था, जो पुरुष हाई जंप में भारत का अब तक का बेस्ट प्रदर्शन माना जाता है। इसके बाद 2026 में सर्वेश ने 2.31 मीटर की छलांग लगाकर नया नेशनल रिकॉर्ड बनाया। इसके साथ ही वह 2.30 मीटर से अधिक की ऊंचाई पार करने वाले भारत के पहले हाई जंपर भी बने। हांगझोउ में मेडल से चूक गए थे

2023 में हुए एशियन गेम्स में सर्वेश 2.26 मीटर की छलांग लगाने के बावजूद चौथे स्थान पर रहे थे और पदक से चूक गए थे। लेकिन चार साल बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए जापान एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीतकर अपने अधूरे सपने को पूरा कर लिया। उन्होंने इसी साल हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में भी भारत के लिए सिल्वर मेडल जीता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *