पीएम मोदी ने फिलिस्तीनी राष्ट्रपति को फोन किया, मानवीय सहायता का किया वादा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलस्तीन के राष्ट्रपति महमूद अब्बास से फ़ोन पर बात की है। प्रधानमंत्री ने गाजा अस्पताल में बमबारी में नागरिकों की जान जाने पर शोक व्यक्त किया। इजराइल-हमास के बीच चल रहे युद्ध के बीच पीएम मोदी ने कहा कि भारत फिलिस्तीनी लोगों को मानवीय सहायता भेजना जारी रखेगा। उन्होंने क्षेत्र में आतंकवाद, हिंसा और बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर अपनी गहरी चिंता साझा की।

फिलिस्तीनी राष्ट्रपति से बात करने के बाद पीएम मोदी ने कहा, “फ़िलिस्तीनी प्राधिकरण के अध्यक्ष महमूद अब्बास से बात की। गाज़ा के अल अहली अस्पताल में नागरिकों की मृत्यु पर अपनी संवेदना व्यक्त की। हम फ़िलिस्तीनी लोगों के लिए मानवीय सहायता भेजना जारी रखेंगे। क्षेत्र में आतंकवाद, हिंसा और बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर अपनी गहरी चिंता साझा की। इजरायल-फिलिस्तीन मुद्दे पर भारत की लंबे समय से चली आ रही सैद्धांतिक स्थिति को दोहराया।”

https://x.com/narendramodi/status/1714986693097664745?s=20

इससे पहले विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया कि किसी भारतीय की कैजुअल्टी की सूचना नहीं है। साथ ही गाजा में अस्पताल पर हुए हमले को लेकर विदेश मंत्रालय की तरफ से कहा गया कि आपने पीएम का ट्वीट देखा होगा। पीएम ने नागरिकों की मौत पर चिंता जताई और परिजनों से संवेदना व्यक्त की। भारत हर तरह की हिंसा की निंदा करता है। फिलस्तीन मसले पर हम दो राष्ट्र के सिद्धांत को मानते हैं। गाजा और फिलस्तीन को मदद के मुद्दे पर अरिंदम बागची ने कहा कि 2000 से 2023 तक भारत ने लगातार फिलस्तीन की मदद की है। 29.5 मिलियन डॉलर की मदद भारत की तरफ से की जा चुकी है।

7 अक्टूबर को हमास के आतंकवादी समूह द्वारा अचानक किए गए हमले के बाद इजराइल और हमास के बीच संघर्ष लगातार बढ़ रहा है। जवाब में इजराइल ने हमास पर युद्ध की घोषणा की और गाजा पट्टी में हमास के कार्यकर्ताओं और उसके ठिकानों को निशाना बनाते हुए जवाबी हवाई हमले किए।

इस बीच, गाजा के एक अस्पताल में विस्फोट हुआ जिसमें कथित तौर पर सैकड़ों नागरिक मारे गए। विश्व के लगभग सभी नेताओं ने इसकी कड़ी निंदा की है। जहां हमास ने आरोप लगाया कि इजरायली हवाई हमले के कारण यह दुखद विस्फोट हुआ, वहीं इजरायली सेना ने इस घटना में अपना हाथ होने से इनकार किया।

गाजा अस्पताल पर हमले में जानमाल की दुखद हानि पर दुख व्यक्त करते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा, “वर्तमान संघर्ष में नागरिकों का हताहत होना गंभीर और निरंतर चिंता का विषय है। इसमें शामिल लोगों को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *