भारतीय मूल के निक्की हेली ने औपचारिक रूप से अमेरिका के राष्ट्रपति पद पर पेश की दावेदारी

भारतीय मूल की रिपब्लिकन नेता निक्की हेली ने औपचारिक रूप से अपनी 2024 की राष्ट्रपति पद की दावेदारी पेश की। निक्की ने अपने एक समय के बॉस और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के खिलाफ खुद को एक युवा और एक नए विकल्प के रूप में पेश किया है। इसी के साथ निक्की अब भारतीय मूल के उन नेताओं की लंबी सूची में शामिल हो गई हैं, जो महत्वपूर्ण विश्व की राजधानियों में राजनीति पर हावी हैं। 51 वर्षीय हेली दक्षिण कैरोलिना की दो बार की गवर्नर और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत हैं।

दक्षिण कैरोलिना में एक कार्यक्रम में अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए निक्की हेली ने कहा: “एक मजबूत अमेरिका के लिए एक गर्वित अमेरिका के लिए … मैं संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए अपनी किस्मत आजमा रही हूं!”।

उन्होंने कहा कि, “जब अमेरिका विचलित होता है, तो दुनिया कम सुरक्षित होती है … और आज, हमारे दुश्मन सोचते हैं कि अमेरिकी युग बीत चुका है। वे गलत हैं”।

निक्की ने कहा- “अगर हम 20वीं सदी के नेताओं पर भरोसा करते रहेंगे तो हम 21वीं सदी की लड़ाई नहीं जीत पाएंगेऔर इसलिए, मुझे एक घोषणा करनी है। मैं आपके सामने अप्रवासियों की बेटी के रूप में – एक लड़ाकू योद्धा की गर्वित पत्नी के रूप में – और दो अद्भुत बच्चों की माँ के रूप में खड़ी हूं।”

निक्की के औपचारिक घोषणा का मतलब यह है कि वह अपने पूर्व बॉस ट्रम्प के खिलाफ इस चुनावी लड़ाई में शामिल होने वाली पहली दावेदार होंगी, जिन्होंने पिछले साल के अंत में व्हाइट हाउस के लिए अपनी तीसरी बोली की घोषणा की थी।

राष्ट्रपति पद के चुनाव में प्रवेश करने से पहले हेली को रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति चुनाव में जीत हासिल करनी है जो अगले साल जनवरी में शुरू होगी। अगला अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव 5 नवंबर 2024 को होना है।

मालूम हो कि अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के बढ़ते प्रभाव को कमला हैरिस की सफलता में देखा जा सकता है, जो देश की पहली महिला और पहली अश्वेत उपराष्ट्रपति बनीं। वह 2017 से 2021 तक कैलिफोर्निया की सीनेटर थीं। डेमोक्रेट कमला हैरिस ने 2011 से 2017 तक कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल के रूप में भी काम किया। पिछले साल नवंबर में हुए मध्यावधि चुनाव में सत्तारूढ़ डेमोक्रेट पार्टी के रिकॉर्ड पांच भारतीय-अमेरिकी सांसद – राजा कृष्णमूर्ति, रो खन्ना, प्रमिला जयपाल, अमी बेरा और श्री थानेदार – अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुने गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *