कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ सोमवार सुबह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की शुरुआत कुरुक्षेत्र से की। आज के दिन यह यात्रा महिलाओं को समर्पित की है। जिसमें कांग्रेसियों से अपील की गई है कि महिलाएं यात्रा में ज्यादा से ज्यादा संख्या में शामिल होंगी। राहुल गांधी महिला सशक्तिकरण को लेकर प्रतिबद्ध हैं। सोमवार सुबह यात्रा शुरू होने के बाद जब दिल्ली-चंडीगढ़ हाइवे पर त्योडा में सरदार जी ढाबा पर टी-ब्रैक के लिए रुकी तो वहां राहुल गांधी ने चाय-नास्ता के दौरान महिलाओं से चर्चा की। इससे पहले यात्रा पानीपत, करनाल और कुरुक्षेत्र कवर कर चुकी है।
एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने राहुल गांधी की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि, “राहुल गांधी के प्रति लोगों का नजरिया बदला है। वह आने वाले भविष्य में विपक्षी दलों के बीच आम सहमति बनाने में मदद करेंगे।”
राहुल ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान रविवार को 10वीं प्रेस कॉन्फ्रेंस की। राहुल ने कहा, “हमें दक्षिणी राज्यों में बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिला। फिर महाराष्ट्र में भी अच्छा रिस्पॉन्स देखने को मिला। बीजेपी ने कहा कि हिंदी बेल्ट में हमें लोगों का समर्थन नहीं मिलेगा और यात्रा फ्लॉप साबित होगी, लेकिन ऐसा भी नहीं हुआ।”
राहुल गांधी ने कहा कि देश में डर फैलाया जा रहा है। एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाया जा रहा है और इसी सबके खिलाफ ये यात्रा है। उन्होंने कहा, “हम गरीब लोगों के साथ चलना चाहते हैं। अगर यात्रा से राजनीतिक फायदा हो या नुकसान हो, उस पर मैं कुछ नहीं कह सकता।”
यह पूछे जाने पर कि राहुल गांधी में यात्रा शुरू होने से पहले और अब तक कितना फर्क आया?- इस पर उन्होंने कहा कि ये तो आप लोगों को तय करना है. ये मेरा फैसला नहीं है। ये आप तय करें कि राहुल गांधी कौन हैं और क्या बदलाव आया।
आने वाले विधानसभा चुनाव में सीएम का चेहरा कौन होगा? इस पर राहुल गांधी ने कहा, “हमारा टारगेट सिर्फ यात्रा का है और आप डायवर्ट करने की कोशिश करते हो। आपको कहा गया है कि यात्रा को दिखाओ मत। सोशल मीडिया पर धमाल मचा हुआ है। लेकिन राष्ट्रीय मीडिया पर कुछ नहीं दिख रहा है।”
कांग्रेस का संगठन कब बनेगा?, इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि ये कहना बिल्कुल गलत है कि संगठन नहीं है। संगठन आपको सड़कों पर दिख रहा होगा। खड़गे जी अध्यक्ष हैं, मैं कांग्रेस का अध्यक्ष नहीं हूं। ये सवाल आपको खड़गे जी से पूछना होगा कि हरियाणा के संगठन में कभी इम्प्रूवमेंट होगा?
राहुल गांधी से जब छत्तीसगढ़ की कानून व्यवस्था को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, मेरे सामने जो सवाल रखे हैं, क्या वह नरेंद्र मोदी के सामने रख सकते हैं?। प्रधानमंत्री जी ने कितने प्रेस कान्फ्रेंस किए, जहां पर कोई पत्रकार उनसे सवाल पूछ सके। देश की जनता को बांटकर उनमें नफरत फैलाई जा रही है। हिंदू-मुस्लिम और अलग-अलग जाति के लोगों को लड़ाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने कभी ऐसा नहीं कहा। छत्तीसगढ़ में जो बताया, उसे देखेंगे और अगर बोल सकता हूं तो मैं बोलूंगा और पर्सनली राय भी रखूंगा। यात्रा के बाद में खुद वहां जाऊंगा और कमी हो तो उसे सुधारूंगा।
रविवार के दिन यात्रा में पूर्व सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर और रक्षा सेवा से सेवानिवृत्त कई शीर्ष अधिकारी शामिल हुए। कांग्रेस ने ट्वीट किया, ‘पूर्व सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल आर. के. हुड्डा, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल वी. के. नरूला, सेवानिवृत्त एयर मार्शल पी. एस. भंगू, सेवानिवृत्त मेजर जनरल सतबीर सिंह चौधरी, सेवानिवृत्त मेजर जनरल धर्मेंद्र सिंह, सेवानिवृत्त कर्नल जितेंद्र गिल, सेवानिवृत्त कर्नल पुष्पेंद्र सिंह, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल डी.डी.एस. संधू, सेवानिवृत्त मेजर जनरल बिशंबर दयाल और सेवानिवृत्त कर्नल रोहित चौधरी राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए।’
रविवार शाम को ही राहुल गांधी ने कुरुक्षेत्र के पवित्र ब्रह्म सरोवर के तट पर पूजा-अर्चना की। इस दौरान राहुल गांधी सफेद टी-शर्ट के ऊपर लाल शॉल ओढ़े नजर आये। बाद में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने शाम की आरती में भी हिस्सा लिया। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, उदयभान, कुमारी सैलजा और के.सी. वेणुगोपाल भी राहुल गांधी के साथ रहे।
तृणमूल कांग्रेस से सांसद शत्रुघन सिन्हा ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी यात्रा है। सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी एक युवा आइकन के रूप में उभरे हैं। उनकी छवि पहले की तुलना में अब पूरी तरह से बदल गई है। कुछ लोग राहुल गांधी की छवि को नष्ट करने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह बहुत गंभीर रूप में उभरे हैं।
हरियाणा में यह यात्रा जो 6 जनवरी को शुरू हुई, 10 जनवरी तक चलेगी। 11 जनवरी को ये यात्रा पंजाब में प्रवेश करेगी। उसके बाद एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी यात्रा गुजरेगी।
26 जनवरी से कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान भी शुरू होगा
जयराम रमेश ने कहा कि ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान दो महीने तक चलेगा। दो माह का यह अभियान तीन चरण में चलेगा। पहले चरण में हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा के भावनात्मक वीडियो दिखाए जाएंगे। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन प्रत्येक विकासखंड में बाइक रैली निकालेंगे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कके नेतृत्व में प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च और महिला घोषणापत्र का विमोचन होगा।
बता दें कि 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा ने अब तक 10 राज्यों का सफर तय कर लिया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा शामिल हैं। हालांकि, हरियाणा में यात्रा का दूसरा फेज बाकी है। राहुल ने अब तक करीब 3100 किमी की यात्रा पुत्र कर लिया है। पार्टी का लक्ष्य 150 दिनों में 12 राज्यों का सफर तय कर पैदल 3570 किलोमीटर की दूरी तय करना है। इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा।
