जम्मू-कश्मीर के राजौरी में रविवार देर शाम आतंकवादियों ने हिंदू परिवारों को निशाना बनाया। जानकारी के अनुसार 50 मीटर के इलाके के अंदर 3 अलग-अलग घरों में गोलीबारी की गई। इस घटना में 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि यह गोलीबारी 2 हथियारबंद हमलावरों ने की है। फिलहाल पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ली है और आतंकियों की तलाश की जा रही है। इस हमले के खिलाफ हिंदू संगठनों ने सोमवार को राजौरी बंद बुलाया है।
जानकारी प्राप्त होते ही सुरक्षाकर्मियों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। राजौरी के अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. महमूद ने बताया कि राजौरी के डांगरी इलाके में फायरिंग की घटना में 3 लोगों की मौत हो गई और 7 घायल हो गए। घायलों का इलाज किया जा रहा है। पुलिस व जिला प्रशासन मौके पर पहुंच गया है. घायलों के शरीर पर गोलियों के कई निशान पाए गए हैं।
डॉ जावेद चौधरी, आपातकालीन चिकित्सा सेवा, राजौरी अस्पताल ने बताया कि, “तीन लोगों को यहां मृत लाया गया। 7 घायलों में से 5 की हालत स्थिर है और 2 की हालत गंभीर है। घायलों के शरीर पर गोलियों के निशान हैं”।
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि रविवार शाम करीब 7:15 बजे हायर सेकेंड्री स्कूल, डांगरी के पास गोलीबारी की घटना हुई जिसमें एक महिला व एक बच्चे सहित 10 लोग घायल हो गये। बाद में 3 लोगों ने दम तोड़ दिया, जबकि अन्य का इलाज जीएमसी राजौरी में चल रहा है। पुलिस के अनुसार सतीश कुमार, दीपक कुमार और प्रीतम लाल की मौत हो गई है। वहीं सरोज बाला, शुब शर्मा, आरोशी , रोहित पंडित, पवन कुमार, सुशील कुमार और शिवपाल गंभीर रूप से जख्मी है।
जम्मू के एडीजीपी मुकेश सिंह ने कहा, ‘इलाके के गांव डूंगरी में एक कथित गोलीबारी की घटना की जानकारी मिली है। यह गोलीबारी 2 अज्ञात लोगों द्वारा की गई है।’
आतंकियों ने CRPF की गाड़ी पर ग्रेनेड फेंका, एक नागरिक हुआ घायल-
श्रीनगर में रविवार शाम आतंकवादियों ने सीआरपीएफ के एक बंकर पर ग्रेनेड फेंका। यह ग्रेनेड सड़क किनारे फट गया जिसमें एक नागरिक घायल हो गया। अधिकारियों के मुताबिक यह घटना श्रीनगर के हलवल इलाके में हुई। आतंकवादियों ने शाम लगभग 7:45 बजे मिर्जा कामिल चौक के पास सीआरपीएफ के एक बंकर की ओर एक ग्रेनेड फेंका, जो सड़क के किनारे फट गया। अधिकारियों ने कहा कि हबक निवासी समीर अहमद मल्ला विस्फोट में मामूली रूप से घायल हो गया। उन्होंने कहा कि उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कुपवाड़ा में भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद हुआ बरामद-
कुपवाड़ा पुलिस ने ज़िले के करनाह इलाके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है जिसके पास से भारी मात्रा में हथियार, गोला बारूद और नशीला पदार्थ बरामद किया है। मामला दर्ज करके जांच शुरू की गई है। यह खेप आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा (LeT) की टीआरएफ शाखा के लिए थी। एसएचओ करनाह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा एक संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया था और उसी दौरान उमर अजीज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उमर ने अपने और उसके अन्य सहयोगियों द्वारा हथियार, गोला-बारूद और नशीले पदार्थों की खेप प्राप्त करने के बारे में कबूल किया। पुलिस ने पांच पिस्टल, 10 पिस्टल मैगजीन, 77 पिस्टल राउंड, एक पिस्टल क्लीनिंग रॉड, एक पिस्टल यूजर मैनुअल गाइड, चार हैंड ग्रेनेड और 9.450 किलोग्राम हेरोइन जब्त की।
घाटी में 2022 में 172 आतंकी मारे गए-
31 दिसंबर 2022 को ADGP कश्मीर विजय कुमार ने बताया कि वर्ष 2022 के दौरान कश्मीर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच कुल 93 सफल मुठभेड़ें हुई जिसमें 42 विदेशी आतंकवादियों सहित 172 आतंकवादी मारे गए। मारे गए अधिकतम आतंकवादी (108) LeT/TRF संगठन से थे, उसके बाद JeM (35), HM (22), अल-बद्र (4) और AGuH (3) के थे।
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की भर्ती में 37% की गिरावट हुई-
ADGP कश्मीर विजय कुमार ने कहा कि इस साल, आतंकवादी संगठनों में 100 नई भर्तियों के साथ पिछले वर्ष की तुलना में इस आंकड़े में 37% की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम आतंकी (74) लश्कर में शामिल हुए हैं। कुल भर्ती में से 65 आतंकवादी मुठभेड़ में मार दिए गए, 17 गिरफ्तार हुए जबकि 18 आतंकवादी अभी भी सक्रिय हैं। इस साल मारे गए कुल 65 नए भर्ती आतंकवादियों में से 58 (89%) संगठनों में शामिल होने के पहले महीने के भीतर ढ़ेर कर दिए गए।
