‘भारत जोड़ो यात्रा’ से फैलेगा कोरोना लेकिन ‘जन आक्रोश यात्रा’ से नहीं ! राजस्थान में बीजेपी ने यू-टर्न लेते हुए ‘जन आक्रोश यात्रा’ को दी हरी झंडी

राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने गुरुवार शाम को कहा कि प्रदेश में होने वाली ‘जन आक्रोश यात्रा’ को कोरोना संकट के मद्देनजर स्थगित किया जाता है। लेकिन कुछ ही घंटे बाद पार्टी ने अपने फैसले को बदल दिया और कहा कि यात्रा जारी रहेगी। इस संबंध में सफाई देते हुए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि केंद्र की गाइडलाइन नहीं आने से कुछ असमंजस की स्थिति थी लेकिन अब ये ‘जन आक्रोश यात्रा’ केंद्र द्वारा जारी किए गए कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए चलती रहेगी।

उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, “जब तक केंद्र और राज्य द्वारा कोई एडवाइज़री जारी नहीं होती है तब तक बीजेपी की जन आक्रोश सभाएँ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी, लेकिन COVID की सामान्य सावधानी का पालन अवश्य किया जाना चाहिए”।

सतीश पूनियां ने कहा, ‘अब चूंकि जन आक्रोश सभाएं होनी हैं जो 41 विधानसभा क्षेत्र में संपन्न हो गईं। चूंकि केंद्र व राज्यों का परामर्श अभी जारी नहीं हुआ है, कुछ असमंजस था। असमंजस यात्राओं को स्थगित करने को लेकर था, लेकिन हमारी जो जनसभाएं हैं। मैं निवेदन करना चाह रहा हूं कि वो यथावत रहेंगी।

उन्होंने आगे कहा, ‘कुछ संशय था, जो हमारे जिला अध्यक्ष व पार्टी के पदाधिकारी दूर कर लें। हमारी जनाक्रोश सभाएं यथावत रहेंगी। ये जरूरी है कि कोरोना की सावधानी हमें रखनी है, कोरोना के प्रोटोकॉल का पालन करना है। इस लिहाज से हमें इन सभाओं को आगे तक इसी तरह जारी रखना है जब तक केंद्र व राज्य की कोई एडवाइजरी जारी नहीं होती।

मालूम हो कि दो दिन पहले ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में जुड़ रही भीड़ को लेकर सवाल खड़ा किया था। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया था कि यात्रा में कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं हो रहा है, जिसके बाद से लगातार कांग्रेसी नेता भी बीजेपी की जन-आक्रोश यात्रा को लेकर सवाल खड़े कर रहे थे।

राहुल गांधी ने भी गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया की चिट्ठी पर प्रतिक्रिया दी। राहुल गांधी ने कहा, “मुझे चिट्ठी लिखी गई है कि यात्रा बंद करो कोविड आ रहा है, लेकिन यह यात्रा रोकने के लिए बहाना बनाया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि कि आप जितनी कोशिश कर लो हम टूटने वाले नहीं हैं। कांग्रेस सांसद ने कहा, “इन्होंने (बीजेपी) मुझे पत्र लिखा कि कोरोना आ रहा है यात्रा बंद करो। अब यात्रा को रोकने के लिए बहाने बनाए जा रहे हैं। बहाने बन रहे हैं मास्क पहनों, यात्रा बंद करो कोरोना फैल रहा है। ये सब बहाने हैं, ये भारत की सच्चाई से डर गए हैं।”

बता दें कि बीजेपी ने राजस्थान सरकार के चार साल पूरे होने पर जन आक्रोश यात्रा की शुरूआत की थी। इसकी औपचारिक शुरुआत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 1 दिसंबर को प्रदेश की राजधानी जयपुर में की थी। बीजेपी इस यात्रा के जरिये 75,000 किमी की दूरी तय करेगी और साथ ही दो करोड़ लोगों से संपर्क करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *