दिल्ली आबकारी नीति मामले में जांच एजेंसी CBI ने आज दिल्ली के राउज़ एवेन्यू कोर्ट में 10 हज़ार पेज की चार्जशीट दाख़िल की है। इस चार्जशीट में 7 आरोपियों के नाम हैं लेकिन मनीष सिसोदिया का नाम नहीं है। चार्जशीट में कहा गया है कि मनीष सिसोदिया के खिलाफ अभी जांच जारी है। CBI ने बताया कि चार्जशीट में दो गिरफ्तार कारोबारी, एक समाचार चैनल का प्रमुख, हैदराबाद का रहने वाला एक शराब कारोबारी, दिल्ली का एक शराब व्यापारी और आबकारी विभाग के दो अधिकारी शामिल हैं। जांच एजेंसी के अधिकारियों ने कहा कि एजेंसी की जांच अभी भी जारी है. CBI को इस मामले में कथित घोटाले की जांच करते हुए करीब दो महीने पूरे हो चुके हैं।
मालूम हो कि जिन 7 लोगों के नाम चार्जशीट में हैं, उनमें विजय नायर और अभिषेक बोइनपल्ली को गिरफ्तार किया गया था। बाकी 5 लोगों की गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है. इन गिरफ्तारियों के बिना ही उनके खिलाफ चार्जशीट दायर की गई है।
चार्जशीट में हैं ये नाम-
– विजय नायर
– अभिषेक बोइनपल्ली
– समीर महेंद्रू
– मुत्तथा गौतम
– अरुण आर पिल्लई
– एक्साइज विभाग के दो अधिकारी
रॉउज एवन्यू कोर्ट में अब इस मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी और कोर्ट में CBI की चार्जशीट पर सज्ञान लेने पर बहस की जाएगी।
CBI की चार्जशीट में मनीष सिसोदिया का नाम नहीं होने पर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी को जमकर घेरा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि, ‘CBI चार्जशीट से आज समझ आया कि मुझे झूठ ही बदनाम किया जा रहा था। अब क्या BJP को LG और Chief Secretary को हटाना नहीं चाहिए? देश का राजा दिन भर CBI का दुरुपयोग कर विपक्षियों को फंसाने का सपना देखता है, PM देश से माफ़ी मांगे। मेरी ही तरह सत्येंद्र जैन भी इसी तरह पाक साफ़ निकलेंगे।
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘CBI चार्जशीट में मनीष का नाम नहीं है। पूरा केस फ़र्ज़ी है,रेड में कुछ नहीं मिला.800 अफ़सरों को 4 महीने जांच में कुछ नहीं मिला। मनीष ने शिक्षा क्रांति से देश के करोड़ों गरीब बच्चों को अच्छे भविष्य की उम्मीद दी। मुझे दुख है ऐसे शख़्स को झूठे केस में फंसा बदनाम करने की साज़िश रची गई’।
वहीं आप नेता गोपाल राय ने कहा कि, ’10 हजार पन्नों की चार्जशीट में मनीष सिसोदिया का नाम नहीं है। पिछले 6 महीने से दिन रात बीजेपी के नेता झूठ बोलते रहे और आज ये साबित हो गया। BJP ने दिन-रात झूठ बोलकर मनीष सिसोदिया को गालियां दी। आज जब CBI चार्जशीट में मनीष सिसोदिया का नाम नहीं है तो इससे पता चलता है कि BJP ने गुजरात और MCD चुनाव में अरविंद केजरीवाल और उनकी पार्टी को बदनाम करने के लिए ये कहानी रची’।
आप के प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि, ‘बीजेपी वाले कहते थे कि एक्साइज पॉलिसी में गड़बड़ हुयी है, अब तो जेल में जाना पड़ेगा, जेल की रोटी खानी पड़ेगी लेकिन 6 महीने बीत जाने के बाद भी इनको कुछ नहीं मिला। 500 अफ़सरों के छानबीन करने के बाद और 600 जगह छापेमारी के बाद भी इनको मनीष सिसोदिया के खिलाफ कुछ नहीं मिला। मनीष सिसोदिया जिन्हें आरोपी नंबर 1 बनाया गया उनके ख़िलाफ़ कुछ नहीं मिला। साबित हो गया, पूरा का पूरा Case फ़र्ज़ी था। सिर्फ़ Gujarat और MCD चुनाव में AAP को बदनाम करने के लिए दिनभर BJP झूठी PC करती थी’।
बता दें कि दिल्ली के उपराज्यपाल ने CBI से इस मामले में जांच की सिफारिश की थी। इसके बाद इसमें ED ने भी एंट्री ले ली थी। इस मामले में मनीष सिसोदिया के घर और अन्य ठिकानों पर छापेमारी भी हुई थी। केजरीवाल सरकार ने 17 नवंबर 2021 को नई शराब नीति लागू की थी। इसको लेकर कांग्रेस और बीजेपी दोनों ने सवाल उठाए थे। बाद में शिकायतों के आधार पर सीबीआइ ने जांच शुरू की थी।
