मसाज करवाते दिखे तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली सरकार के मंत्री सत्येंद्र जैन, AAP ने कहा- ‘ये उपचार का हिस्सा’, बीजेपी बोली- ‘नियमों को ताक पर रखकर दी जा रही है विशेष सुविधाएं’

दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद आप नेता और मंत्री सत्येंद्र जैन का मसाज करवाते हुए एक वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि एक व्यक्ति उनका मसाज कर रहा है और सत्येंद्र जैन पेपर पढ़ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद जहां एक तरफ आम आदमी पार्टी इस वीडियो को ट्रीटमेंट का हिस्सा बता रही है वहीं दूसरी तरफ बीजेपी इसे ऐश-मौज बताने में लगी हुई है।

वीडियो के सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि राउज एवेन्यू कोर्ट ने सत्येन्द्र जैन की मेडिकल कंडीशन को देखते हुये उन्हें तमाम ज़रूरी उपचार की इजाज़त दी थी। उसमें एक्यूप्रेशर भी शामिल है।

बीजेपी तो बस मौके की तलाश में थी। जैसे ही जैन का ये वीडियो वायरल हुआ, भाजपा, आम आदमी पार्टी पर हमलावर हो गई। पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि ‘सत्येंद्र जैन आज जेल में हैं। जेल की कड़ी सुरक्षा को भेदकर, सारे नियम कानून को ताक पर रख कर एक भ्रष्ट मंत्री को जेल में सारी सुविधाएं दी जा रही हैं। जेल में एक कैदी को मसाज दिया जा रहा है। एक भ्रष्टाचारी और कट्टर बेईमान मंत्री जो जेल में है, उसे सारी सुख -सुविधाएं जेल में दी जा रही हैं’।

गौरव भाटिया ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल जी आप कहां छिप गए हैं? कट्टर ईमानदार कहा था ना आपने? वे कट्टर ईमानदार मसाज करवा रहे हैं। यह (सत्येंद्र जैन) 5 महीने से जेल में है लेकिन अभी तक इन्हें मंत्रीपद से नहीं हटाया गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जवाब देना चाहिए कि जेल के नियमों को तार-तार किया गया की नहीं? क्या वीडियो में सत्येंद्र जैन हैं या नहीं?’.

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा, ‘जेल मैनुअल का पालन नहीं किया जा रहा था। जेल में कपड़े भी निर्धारित होते हैं, लेकिन सत्येंद्र जैन टी-शर्ट में देखे जा सकते हैं। चार-चार लोग मिल रहे हैं और बातचीत चल रही है। वीडियो में बिसलेरी का पानी भी दिख रहा है। ये लोग वीआईपी कल्चर को खत्म करने की बात करते थे, लेकिन जेल में भी सब कुछ चाहिए।

उसके बाद आप नेता और दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मीडिया के सामने आए और कहा, ‘जेल में गिरने की वजह से सत्येंद्र जैन को रीढ़ की हड्डी में चोट आई थी। उनको अस्पताल में भर्ती कराया था जहां उनकी सर्जरी हुई थी और डॉक्टर ने उनको नियमित फिजियोथेरपी की सलाह दी थी। कोर्ट ने ED को इस वीडियो को जारी न करने के आदेश भी दिए थे। ये कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है। हम उस पर भी अलग से कार्रवाई करेंगे।’

सिसोदिया ने आगे कहा, ‘बीजेपी की सरकार ने सत्येंद्र जैन को झूठे केस में फंसाकर जेल में रखा हुआ है। आज उनके इलाज का सीसीटीवी दिखाकर बीमारी का मजाक बना रही है। बीमार कोई भी हो सकता है। प्रधानमंत्री भी और जेल में बंद आदमी भी, लेकिन इतना घटिया काम बीजेपी के अलावा कोई नहीं कर सकता है’।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जेल मैनुअल के अनुसार, एक सेल के कैदी आपस में मिल सकते हैं। ये लोग चुनाव हार रहे हैं। अगर बीजेपी की हिम्मत है तो कूड़े के मुद्दे पर एमसीडी चुनाव लड़कर दिखाए. पूरा देश, पुलिस इनकी है। ये चाहे जो कर लें, जितेगी आम आदमी पार्टी ही। बीजेपी की मनोहर कहानियां सुनकर थोड़ी ही किसी को मंत्रिमंडल से हटा देंगे’।

बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि ‘आप सरकार ने जेल नियमों का उल्लंघन किया और सजा की जगह सत्येंद्र जैन को पूरा वीवीआईपी मजा दिया जा रहा है। बीजेपी सांसद ने ट्वीट करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल के हवाला कारोबारी जेल मंत्री जेल में मसाज का आनंद लेते हुए. अब तो सबूत प्रयाप्त होंगे? क्या ठग सुकेश से इसके लिए ही वसूली की थी’?

बता दें कि इससे पहले सत्येंद्र जैन के खिलाफ जांच एजेंसी ईडी ने कोर्ट में कहा था कि जैन को तिहाड़ जेल में स्पेशल ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। ईडी ने अपनी शिकायत में कहा था कि सत्येंद्र जैन जेल के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। जैन के ऐशो-आराम से जुड़े तमाम सबूत भी कोर्ट को दिए गए थे। ED ने अपनी शिकायत में कहा था कि तिहाड़ जेल में सत्येंद्र जैन को हेड मसाज, फुट मसाज और बैक मसाज जैसी तमाम सुविधाएं दी जा रही हैं। उसके बाद 14 नवंबर, 2022 को तिहाड़ जेल नंबर 7 के 58 जेल स्टाफ का ट्रांसफर किया गया था जिसमे 4 सीनियर अधिकारी भी शामिल थे. ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में सत्येंद्र जैन को 30 मई को गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *