प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार से दक्षिणी राज्यों- कर्नाटक, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के दो दिवसीय दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री आज कर्नाटक और तमिलनाडु के दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के पहले दिन आज सुबह सबसे पहले बेंगलुरु पहुंचे, जहां उन्होंने कई विकास परियोजनाओं की शुरूआत की। उन्होंने दक्षिण भारत की पहली और भारत की पांचवीं वन्दे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना किया और हवाईअड्डे के टर्मिनल-2 का भी उद्घाटन किया। उसके बाद पीएम मोदी ने शुक्रवार शाम को तमिलनाडु के मदुरै में एक दीक्षांत समारोह में भी शिरकत किया।
पीएम मोदी के बेंगलुरु एयरपोर्ट पहुंचने पर कर्नाटक के गवर्नर थावरचंद गहलोत, मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई और केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कई अधिकारी मौजूद रहे।
बेंगलुरू पहुंचने के बाद पीएम सीधे विधान सौध पहुंचे और वहां संत कवि कनकदास और महर्षि वाल्मीकि की मूर्तियों पर पुष्पांजलि अर्पित की।
उसके बाद पीएम मोदी ने बेंगलुरु केएसआर रेलवे स्टेशन पर देश की 5वीं वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन चेन्नई-बेंगलुरु-मैसूर रूट पर चलेगी। वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री ने भारत गौरव काशी दर्शन ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। कर्नाटक भारत गौरव योजना के तहत इस ट्रेन को चलाने वाला पहला राज्य है, जिसमें कर्नाटक सरकार और रेल मंत्रालय मिलकर कर्नाटक से तीर्थयात्रियों को काशी भेजने के लिए काम कर रहे हैं।
दोनों ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री मोदी केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल -2 का उद्घाटन करने के लिए रवाना हुए लेकिन केएसआर रेलवे स्टेशन के पास एक प्रमुख ट्रैफिक जंक्शन पर पीएम कार से उतर गए और भीड़ की तरफ चल पड़े। पीएम को आते देख लोगों में एक अलग ही जोश उत्पन्न हो गया और उन्होंने जोरों शोरों से नारे लगाने शुरू कर दिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बेंगलुरु में केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 का उद्घाटन किया और इसकी समीक्षा भी की। टर्मिनल को लगभग 5000 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बेंगलुरु में आज नादप्रभु केम्पेगौड़ा की 108 फीट की कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस प्रतिमा को समृद्धि की मूर्ति भी कहा जाता है। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेंगलुरु में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने पीएम का स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने उसके बाद बेंगलुरु में ही एक सभा को संबोधित किया। पीएम ने कहा कि हम बेंगलुरू के, कर्नाटक के विकास और विरासत दोनों को और सशक्त कर रहे हैं। आज कर्नाटक को पहली मेड इन इंडिया वेंदे भारत ट्रेन को मिली। कर्नाटक के लोगों को अयोध्या और काशी के दर्शन कराने वाली भारत गौरव काशी दर्शन ट्रेन की भी आज शुरुआत हुई है। आज केंपेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के दूसरे टर्मिनल का भी उद्घाटन हुआ।
पीएम ने कहा कि आज पूरी दुनिया में भारत की पहचान स्टार्टअप्स के लिए है और भारत की इस पहचान को सशख्त करने में बेंगलुरु की बड़ी भूमिका है। स्टार्टअप्स केवल एक कंपनी भर नहीं होता, बल्कि एक जज्बा होता है कुछ नया करने का और कुछ नया सोचने का। स्टार्टअप एक विश्वास होता है, हर उस चुनौती के समाधान का जो देश के सामने है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अब तेज़ दौड़ना चाहता है और इसके लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। आने वाले 8-10 सालों में हम भारतीय रेल के कायाकल्प को बदलने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन इस बात का प्रतीक है कि भारत अब रुक-रुक कर चलने वाले दिनों को पीछे छोड़ चुका है। भारत अब तेज दौड़ना चाहता है और इसके लिए हर संभव प्रयास कर रहा है।
पीएम ने आगे कहा कि हमारी सरकार देश में नए एयरपोर्ट्स का निर्माण करा रही है। 2014 से पहले देश में लगभग 70 के आसपास एयरपोर्ट्स थे। अब इनकी संख्या 140 से ज्यादा हो गई है। ये एयरपोर्ट्स, हमारे शहरों का बिजनेस पोटेन्शियल बढ़ा रहे हैं, नए अवसर भी बना रहे हैं।
बेंगलुरु की यात्रा ख़त्म करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु की यात्रा पर चेन्नई पहुंचे। चेन्नई एयरपोर्ट पर रतमिलान्दु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने उनका स्वागत किया। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गांधीग्राम में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने लोगों का अभिवादन किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गांधीग्राम ग्रामीण संस्थान के 36वें दीक्षांत समारोह में भीशामिल हुए। उन्होंने गांधीग्राम ग्रामीण संस्थान, डिंडीगुल के 36वें दीक्षांत समारोह में संगीत उस्ताद इलियाराजा को डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्रदान की।समारोह में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और राज्यपाल आरएन रवि मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘मैं आज उन सभी महान बुद्धिजीवियों को बधाई देता हूं जिन्होंने आज अपना पाठ्यक्रम पूरा किया है और साथ ही उनके माता-पिता भी जिनके बलिदानों ने आखिरकार इसे संभव बनाया है। गांधीग्राम का उद्घाटन स्वयं महात्मा गांधी ने किया था. ग्रामीण विकास के उनके विचारों की भावना को यहां देखा जा सकता है।’
उन्होंने कहा कि गांधीवादी मूल्य तेजी से प्रासंगिक होते जा रहे हैं। चाहे वह संघर्ष को समाप्त करने के बारे में हो या जलवायु संकट के बारे में, महात्मा गांधी के विचारों में आज की कई चुनौतियों का जवाब है। लंबे समय तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के बीच असमानता बनी रही। लेकिन आज देश इसे सुधार रहा है। महात्मा गांधी से प्रेरित होकर हम आत्मानिर्भर भारत की दिशा में काम कर रहे हैं। महात्मा गांधी चाहते थे कि गांवों का विकास हो। साथ ही वे चाहते थे कि ग्रामीण जीवन के मूल्यों का संरक्षण किया जाए।
पीएम ने कहा कि खादी महात्मा गांधी के दिल के बहुत करीब रही और आज यह काफी लोकप्रिय हो गया है। पिछले 8 वर्षों में खादी की बिक्री में 300 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है। गांधी जी के लिए उचित स्वच्छता सुनिश्चित करना एक चिंता थी। इस दिशा में हमारी सरकार ने पूर्ण ग्रामीण स्वच्छता कवरेज, 6 करोड़ से अधिक नल के पानी के कनेक्शन और 2.5 करोड़ से अधिक बिजली कनेक्शन प्रदान किए।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, ‘भारत का भविष्य युवाओं की ‘कैन डू’ पीढ़ी के हाथों में है। आज स्नातक करने वाले युवाओं को मेरा संदेश है कि आप नए भारत के निर्माता हैं।’
शनिवार का पीएम का कार्यक्रम ये है-
शनिवार, 12 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंध्र प्रदेश और तेलंगाना का दौरा करेंगे। पीएम शुक्रवार रात को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में विश्राम करेंगे। शनिवार को पीएम आंध्र विश्वविद्यालय मैदान विशाखापट्टनम में विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। फिर वह तेलंगाना जाएंगे। यहां पीएम मोदी दोपहर के 02:30 बजे तेलंगाना के रामागुंडम में आरएफसीएल प्लांट का दौरा करेंगे। दोपहर 03:15 बजे रामागुंडम में ही विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यान और उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह दिल्ली लौट आएंगे।
