प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, बुधवार को हिमाचल प्रदेश में दो जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने पहली रैली कांगड़ा के चंबी में की और उसके बाद दूसरी रैली हमीरपुर के सुजानपुर में संबोधित की।
कांगड़ा के चंबी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज हिमाचल 21वीं सदी में विकास के जिस पड़ाव पर है, वहां उसे स्थिर और मजबूत सरकार की जरूरत है। जब हिमाचल के पास मजबूत सरकार होगी और डबल इंजन की ताकत होगी, तो चुनौतियों को भी दूर करेगा और नई ऊंचाई भी उतनी ही तेजी से प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि हिमाचल में केवल भाजपा ही स्थिर सरकार दे सकती है।
कांग्रेस पार्टी कभी भी हिमाचल को स्थिर सरकार नहीं दे सकती है और ना ही वो देना चाहते हैं। आज कांग्रेस की गिन कर दो राज्यों में ही सरकारें बची हैं, एक राजस्थान और एक छत्तीसगढ़ में। इन दोनों ही राज्यों से कभी भी विकास की खबरें नहीं आती हैं।
बीजेपी के पक्ष में लोगों से मत डालने की अपील करते हुए पीएम ने कहा कि इस बार उत्तराखंड के लोगों ने भी पुरानी परंपरा को बदलते हुए भाजपा को जिताया है। उत्तर प्रदेश में भी 40 साल बाद ऐसा हुआ है जब कोई पार्टी फिर से जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ लगातार दूसरी बार सरकार में आई है। मणिपुर में भी भाजपा की सरकार दोबारा आई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यानी अस्थिरता, भ्रष्टाचार और विकास कार्यों में रोड़े अटकाने की गारंटी है।
पीएम ने आगे कहा कि कई राजनीतिक दल सिर्फ और सिर्फ परिवारवाद और वोट बैंक की राजनीति के भरोसे चल रहे हैं। इसलिए भाजपा की सरकारों का लोग जैसे जैसे अनुभव करते हैं, उनका विश्वास बढ़ता जाता है और बार-बार हमें आशीर्वाद मिलता है। कांग्रेस के प्रति लोगों का गुस्सा कितना है, एक बार सरकार से गई तो उसका वापस लौटना मुश्किल होता है। तमिलनाडु में वहां के लोगों ने करीब 60 साल पहले वहां से कांग्रेस को निकाला, देखिये 60 साल हो गए, अब तक कांग्रेस सत्ता में वापस नहीं आई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांगड़ा की धरती शक्तिपीठों की धरती है। भारत की आस्था और अध्यात्म का एक तीर्थ है। बैजनाथ से लेकर काठगढ़ तक, इस भूमि में बाबा भोले की असीम कृपा हम सभी पर हमेशा बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि आने वाला समय 5जी का है। हिमाचल के नौजवानों का और हिमाचल के जीवन का कायाकल्प 5जी से होगा। इससे दूर-दराज के स्कूलों में भी पढ़ाई, शहरों जैसी हो जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांगड़ा की रैली ख़त्म करने के बाद हमीरपुर के सुजानपुर में रैली को संबोधित करने पहुंचे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2014 से पहले गरीब कच्चे मकान में रहता था, लकड़ी काटकर चूल्हा जलाता था। शौच के लिए खुले में जाता था, पानी के लिए तालाब में जाता था, बैंक में खाता नहीं था।
रैली को संबोधित करते हुए PM मोदी ने कहा कि मैं यहां के लोगों को जितना जानता हूं, मैं ये कह सकता हूं कि इस बार हिमाचल के लोग खुद चुनाव लड़ रहे हैं, खुद नेतृत्व कर रहे हैं और दोबारा जयराम ठाकुर की सरकार बनाने का फैसला यहां की जनता ने कर लिया है।
पीएम ने आगे कहा, ‘आपने इतने वर्ष के शासन में कांग्रेस ने जिस तरह हिमाचल के साथ विश्वासघात किया है, छल किया है, उसके भुक्तभोगी हिमाचल के लोग हैं, हिमाचल को हर बुनियादी चीज के लिए तरसाया, बीजेपी ने हर घर को बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए प्रयास किया।’
पीएम मोदी ने कहा कि उड़ीसा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और बिहार से कांग्रेस पूरी तरह गायब हो चुकी है। कांग्रेसी खुद को शहंशाह मानते हैं, इसलिए जनता उन्हें लगातार सजा दे रही है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस को पांच साल तक हिमाचल प्रदेश की याद नहीं आई। कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाने में भी नाकाम रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही देश के कुछ राज्यों में उपचुनाव के परिणाम आए हैं। जहां कभी भाजपा को बहुत कमजोर माना जाता था वहां भी लोगों ने कमल का फूल खिला दिया है। लेकिन कांग्रेस जहां बहुत ताकतवर होती थी वहां पर कांग्रेस की स्थिति दिनों-दिन बिगड़ती ही जा रही है। जो क्षेत्र कभी कांग्रेस का गढ़ माने जाते थे, वहां से कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया हो गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस को लगता है कि हिमाचल हमेशा पांच साल इसके और पांच साल उसके के फार्मूले पर ही चलेगा। इसलिए कांग्रेस के नेता हिमाचल और यहां के लोगों की कोई परवाह नहीं करते। आज हिमाचल और पूरे देश के लोग भाजपा पर बहुत विश्वास करते हैं। भाजपा पर देश का ये भरोसा लगातार मजबूत होता जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘जो(कांग्रेस) विपक्ष की जिम्मेदारी नहीं निभा सकते हैं, आपके सवालों को लेकर हिलते भी नहीं हैं, वे यहां सरकार में आने के बाद आपके लिए क्या करेंगे? ऐसे लोगों पर भरोसा कर सकते हैं क्या? इसलिए अब हिमाचल के लोगों ने भी ठान लिया है कि अब तो कांग्रेस को हिमाचल से निकालना ही पड़ेगा’।
पीएम मोदी ने आज की इस रैली में सर्जिकल स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि यही कांग्रेस है, जिसके नेता आर्मी चीफ का अपमान करते हैं, फौज के लोगों की तुलना गुंडों से करते हैं, सजिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाते हैं और हमारे वीरों के शौर्य को कठघरे में खड़ा करते हैं।
आज पीएम नरेंद्र मोदी ने एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए फिर अपना काफिला रोका। उनका काफिला जब चंबी से गुजर रहा था तो उसी वक़्त एक एंबुलेंस आ गई। एंबुलेंस को रास्ता देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना काफिला रोक दिया।
बता दें कि हिमाचल में एक चरण में 12 नवंबर को मतदान होगा। आठ दिसंबर को नतीजे आएंगे।
