मंगलवार रात 3 देशों में आया भूकंप, भारत में दिल्ली समेत 7 राज्यों में भूकंप के तेज झटके 6.3 तीव्रता, भूकंप का केंद्र नेपाल में, अब तक 6 की मौत

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में मंगलवार की देर रात करीब 1.57 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस भूकंप का असर तीन देशों- भारत, चीन और नेपाल में दिखा है। भारत में दिल्ली, यूपी, बिहार, उत्तराखंड, दिल्ली, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई शहरों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक 6.3 की तीव्रता वाले इस भूकंप का केंद्र नेपाल में ही था। भूकंप 9 नवंबर देर रात करीब 1.57 बजे आया. इसकी गहराई जमीन से 10 किमी नीचे थी। एपिसेंटर उत्तराखंड के पिथौरागढ़ से 90 किलोमीटर दूर पूर्व-दक्षिण-पूर्व नेपाल के मणिपुर में रहा।

मंगलवार रात जब भूकंप आया तो तकरीबन एक मिनट तक धरती हिलती रही। लोग इतना डर गए थे कि रात के समय वो घरों से बाहर निकल गए. दिल्ली में 5.7 की तीव्रता के झटके महसूस किए गए।

चूंकि भूकंप का केंद्र नेपाल में था ऐसे में नेपाल में भूकंप से सबसे ज्यादा नुकसान की खबर है। यहां के दोती जिले में इस तेज भूकंप के बाद एक घर गिरने से छह लोगों की मौत हो गई जबकि 5 लोग घालय हो गए। मरने वालों में एक ही परिवार के 3 लोग शामिल हैं। दोती में 6.6 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। नेपाल की सेना की ओर से भूकंप प्रभावित इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। घायल हुए लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नेपाल में यह मंगलवार को 24 घंटे के भीतर तीसरा भूकंप का झटका था। USGS के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नेपाल में दिपायल से 21 किमी दूर था। यहां मंगलवार देर शाम को भी दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. उनकी तीव्रता 4.9 और 3.5 थी।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में बुधवार सुबह 6.27 बजे फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए। इससे पहले उत्तराखंड में रविवार शाम को भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. इन झटकों की तीव्रता 4.3 थी।

नेपाल के पीएम शेर बहादुर देउवान ने भूकंप की वजह से हुए नुकसान पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘भूकंप में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने संबंधित एजेंसियों को प्रभावित क्षेत्रों में घायलों और पीड़ितों के तत्काल और उचित इलाज की व्यवस्था कराने के निर्देश दे दिए हैं’।

भारत में अभी तक इस भूकंप से किसी नुकसान की खबर नहीं है। गृह मंत्रालय ने भूकंप वाले राज्यों से जो जानकारी प्राप्त की है उसके मुताबिक़, अभी तक दिल्ली- एनसीआर, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड से किसी भी तरीके के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं आई है. गृह मंत्रालय राज्यों से संपर्क में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *