यूपी में कानून व्यवस्था पर विधानसभा में बोले सीएम योगी- ‘माफियाओं को मिट्टी में मिला दूंगा’, अखिलेश से हुई तकरार

प्रयागराज में बहुजन समाज पार्टी के विधायक राजू पाल की साल 2005 में हुई हत्या के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या के मामले ने शनिवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बीच तीखी बहस छेड़ दी। सीएम आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर माफिया (अपराधियों) को संरक्षण देने का आरोप लगाया और कहा कि ‘माफियाओं को मिट्टी में मिला दूंगा’।

सीएम ने कहा, “आप (समाजवादी पार्टी) अपराधियों को संरक्षण देते हैं, उनका फूलमालाओं से स्वागत करते हैं और फिर राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नाटक करते हैं।”

योगी ने पूछा- “क्या यह सच नहीं है कि पूर्व सांसद अतीक अहमद को सपा का समर्थन प्राप्त है?” उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य में सभी माफियाओं को खत्म कर देगी।

सीएम आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, ‘कल जिस तरह से बम फेंके गए, उससे साफ है कि यह सरकार पूरी तरह फेल हो गई है और गैंगवार जैसी स्थिति पैदा हो गई है। क्या यही रामराज्य है जहां सरेआम बंदूकें चल रही हैं? पुलिस पूरी तरह विफल है और इसके लिए बीजेपी जिम्मेदार है।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के चल रहे बजट सत्र के दौरान शनिवार को योगी आदित्यनाथ ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। दोनों नेताओं के बीच जुबानी जंग छिड़ गई। सीएम योगी ने उनका नाम लिए बगैर मुलायम सिंह यादव के बयान ‘लड़कों से गलती होती है’ का जिक्र किया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इसके बाद सीएम योगी से यूपी के पूर्व मंत्री और बीजेपी नेता चिन्मयानंद को लेकर सवाल किया। इस पर सीएम योगी ने फिर पलटवार करते हुए कहा, “तुमको शर्म आनी चाहिए। जो अपने बाप का सम्मान नहीं कर सका”।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, “सरकार प्रयागराज की घटना पर जीरो टॉलरेंस की नीति के आधार पर काम कर रही है। लेकिन जो अपराधी इस घटना में शामिल था, क्या उसका पोषण समाजवादी पार्टी ने नहीं किया था? क्या उन्हें समाजवादी पार्टी ने सांसद नहीं बनाया था? हम इन माफियाओं को नहीं बख्शेंगे।”

यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “जिस माफिया ने यह हरकत की है, वह आज राज्य से फरार है, माफिया कोई भी हो, हमारी सरकार राज्य में ‘माफिया राज’ नहीं चलने देगी। हम माफियाओं के खिलाफ हैं, उन्हें मिट्टी में मिला देंगे। हम किसी भी माफिया को नहीं छोड़ेंगे”।

बता दें कि उमेश पाल की शुक्रवार को उनके प्रयागराज स्थित आवास पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस के मुताबिक, हमलावर लगातार उमेश पाल की कार का पीछा कर रहे थे और अपने बैग में देसी बम लेकर आए थे। एक वीडियो क्लिप में एक आरोपी को अपने बैग से बम निकालकर उमेश पाल पर फेंकते हुए देखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *