कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 9 दिन के ब्रेक के बाद मंगलवार सुबह 10 बजे कश्मीरी गेट इलाके में स्थित हनुमान मंदिर से शुरू हुई। यात्रा ने दोपहर बाद गाजियाबाद के लोनी बार्डर के रास्ते उत्तर प्रदेश में एंट्री ली। यात्रा दोपहर 1.10 बजे उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकी जबकि तय समय 12 बजे का था। गाजियाबाद-दिल्ली बॉर्डर पर दिल्ली कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ने यूपी प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी को पार्टी का झंडा सौंपा।
यूपी में एंट्री करने के बाद मंच पर राहुल और प्रियंका गांधी एक साथ पहुंचे। इस दौरान, दोनों भाई-बहन एक साथ बैठे नजर आए और राहुल अपनी बहन प्रियंका को दुलार करते दिखे।
प्रियंका गांधी ने फिर मंच से बोलते हुए कहा कि, ‘मेरे बड़े भाई..इधर देखो, सबसे ज्यादा गर्व आप पर है, आप एक योद्धा हो”। उन्होंने कहा- “राहुल गांधी की छवि को खराब करने के लिए सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च किए, लेकिन ये सच्चाई से पीछे नहीं हटे। अडानी जी और अंबानी जी ने देश के सारे नेताओं को खरीद लिया लेकिन मेरे भाई को नहीं खरीद पाए और ना कभी खरीद पाएंगे।”
प्रियंका ने कहा, “कोई मुझसे पूछ रहा था कि आपके भाई को ठंड नहीं लगती। आपको डर नहीं लगता, इनकी सुरक्षा के लिए। मेरा जवाब ये है कि ये सत्य का कवच पहनकर चल रहे हैं। भगवान इनको सुरक्षित रखेगा। सब साथ चलिए। एकता, संभावना, प्यार का पैगाम लेकर चलिए। इसके बाद दोनों ने लोगों का अभिवादन किया।”
यूपी में यात्रा की एंट्री से पहले राहुल गांधी ने आज दिल्ली के कश्मीर गेट इलाके में स्थित मरघट वाले हनुमान जी के दर्शन किए। इस दौरान पुजारी ने उनको गदा भी दी। राहुल की गदा उठाए हुए एक फोटो सामने आई है।
पहले दिन की यात्रा में राजनीति के कई दिग्गज चेहरे भी नजर आए। राहुल और प्रियंका के बीच नैशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला दिखे और उन्हें गले लगाकर भावुक हो गए।
कांग्रेस नेता गौरव गोगोई, अंबिका सोनी और शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेदी भी इस यात्रा में दिखीं।
पूर्व रॉ चीफ ए एस दुलत भी राहुल गांधी के साथ हाथ से हाथ मिलाए नजर आए।
अपनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी हर उम्र के लोगों के साथ मिलते और बात करते हुए देखे गए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी UP में 3 दिन में करीब 130 किलोमीटर पैदल चलेंगे। यात्रा इस दौरान यूपी के तीन जिलों गाजियाबाद, बागपत और शामली से गुजरेगी। अपने तीन दिनों की यात्रा में राहुल यूपी के तीन लोकसभा सीटें और 11 विधानसभा क्षेत्रों की साधने की कवायद करेंगे। पदयात्रा गाजियाबाद, बागपत और शामली जिले की 11 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। मंगलवार शाम को यात्रा ने बागपत में एंट्री ली है और आज मवी कलां में नाइट स्टे का कार्यक्रम है।
4 जनवरी की सुबह 6 बजे यात्रा फिर शुरू होगी। यह बागपत, सिसाना, सरूरपुर, बड़ौत होते हुए शाम 6 बजे शामली के कस्बा एलम में पहुंचकर नाइट स्टे करेगी। 5 जनवरी की सुबह यात्रा एलम से शुरू होगी और कांधला, ऊंचागांव, कैराना होते हुए पानीपत बॉर्डर के रास्ते हरियाणा में एंट्री कर जाएगी। 5 जनवरी का नाइट स्टे हरियाणा में होगा। छह जनवरी से 10 जनवरी तक भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में रहेगी। इसके बाद यह यात्रा 11 जनवरी को पंजाब में प्रवेश करेगी और एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी गुजरेगी। भारत जोड़ो यात्रा 20 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी और फिर 30 जनवरी को राहुल गांधी तिरंगा फहराकर समापन करेंगे।
‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने के लिए कांग्रेस पार्टी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव, रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को न्योता दिया है। जयंत चौधरी पिछले कई दिन से बाहर हैं। इसलिए वे इस यात्रा में नहीं आएंगे। अखिलेश ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर उनकी इस यात्रा के लिए बधाई दी है। इसलिए माना जा रहा है कि वे भी इस यात्रा में शामिल नहीं होंगे।
कांग्रेस पार्टी ने उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के बहाने राजनीतिक और सामाजिक समीकरण साधने का प्लान बनाया है। इसी कड़ी में अतिपिछड़े वर्ग के अलग-अलग जाति के नेताओं और संगठन के लोग राहुल गांधी की साथ पदयात्रा में शिरकत करेंगे। राजभर, पाल, कुशवाहा, नाई, बंजारा, कुर्मी, मल्लाह, कश्यप, सैनी, शाक्य, चौहान सहित अतिपिछड़ी जाति के नेता राहुल गांधी के संग पहली कतार में चलेंगे। राहुल गांधी से अतिपिछड़े वर्ग के नेता अपनी समस्याएं और मुद्दों पर बात करेंगे। भारत जोड़ो यात्रा में दलित और अदिवासी समुदाय के लोग भी राहुल के साथ पदयात्रा करेंगे। इसके अलावा सिविल सोसायटी और सामाजिक संगठन से जुड़े हुए लोग भी शिरकत करेंगे तो साहित्यकार और बुद्धिजीवी भी शामिल होंगे।
26 जनवरी से कांग्रेस का ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान भी शुरू होगा
जयराम रमेश ने कहा कि ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान दो महीने तक चलेगा। दो माह का यह अभियान तीन चरण में चलेगा। पहले चरण में हर गांव और मतदान केंद्र स्तर पर पदयात्रा होगी। इसमें घर-घर जनसंपर्क करने के साथ भारत जोड़ो यात्रा के भावनात्मक वीडियो दिखाए जाएंगे। युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन प्रत्येक विकासखंड में बाइक रैली निकालेंगे। पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कके नेतृत्व में प्रत्येक राज्य की राजधानी में महिला मार्च और महिला घोषणापत्र का विमोचन होगा।
बता दें कि 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई यात्रा ने अब तक 10 राज्यों का सफर तय कर लिया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा शामिल हैं। हालांकि, हरियाणा में यात्रा का दूसरा फेज बाकी है। राहुल ने अब तक करीब 3000 किमी की यात्रा पुत्र कर लिया है। पार्टी का लक्ष्य 150 दिनों में 12 राज्यों का सफर तय कर पैदल 3570 किलोमीटर की दूरी तय करना है। इस यात्रा का समापन जम्मू-कश्मीर में होगा।
