‘मैं भी कोई शीशमहल बना सकता था लेकिन मेरे लिए देशवासियों को घर मिले, यह मेरा सपना’: पीएम मोदी ने केजरीवाल पर बोला हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास के कथित असाधारण नवीनीकरण को लेकर आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला और कहा कि उन्होंने चार करोड़ लोगों को घर मुहैया कराया, लेकिन’शीशमहल’ नहीं बनाया। दिल्ली सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने और शहर के निवासियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए, पीएम ने सत्तारूढ़ पार्टी को “आपदा” करार दिया।

दिल्ली में झुग्गीवासियों के लिए आवास परियोजना की शुरुआत करते हुए पीएम ने कहा, ‘मैं शीशमहल बना सकता था, लेकिन मेरे लिए मेरा सपना था कि मेरे देशवासियों को पक्का घर मिले।’

पीएम ने कहा, “उन्होंने शराब घोटाला, स्कूल घोटाला और प्रदूषण घोटाला किया है। वे खुलेआम भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और इसे प्रचारित भी कर रहे हैं। यह दिल्ली के लिए एक आपदा है, और निवासियों ने इस आपदा के खिलाफ युद्ध की घोषणा की है।”

अशोक विहार में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा, “दिल्ली एक सुर में कह रही है, आपदा को नहीं सहेंगे, बदल कर रहेंगे।”

उन्होंने कहा, “पिछले 10 सालों से दिल्ली एक बड़ी ‘आपदा’ से घेरी हुई है। अन्ना हजारे जी को आगे रखकर चंद ‘कट्टर बेईमान’ लोगों ने दिल्ली को ‘आपदा’ की ओर धकेल दिया है। AAP ‘आपदा बनकर दिल्ली पर टूट पड़ी है। दिल्ली वालों ने आपदा के खिलाफ जंग छेड़ दी है..दिल्ली का हर नागरिक कह रहा है कि आपदा को नहीं सहेंगे इसको बदलकर रहेंगे।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “आपदा सरकार (AAP) को दिल्ली वालों से बड़ी दुश्मनी है। पूरे देश में आयुष्मान योजना लागू है, लेकिन इस योजना को आपदा वाले यहां (दिल्ली) लागू नहीं होने दे रहे। इसका नुकसान दिल्ली वालों को उठाना पड़ रहा है।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “वीर सावरकर के नाम पर नजफगढ़ में एक नया कॉलेज बनने जा रहा है। जो लोग पिछले 10 सालों से दिल्ली की सत्ता में हैं उन्होंने स्कूली शिक्षा को नुकसान पहुंचाया है। केंद्र सरकार ने दिल्ली को जो पैसे दिए वो दिल्ली की मौजूदा सरकार ने उसका आधा पैसा भी शिक्षा पर खर्च नहीं किया है।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “ये वर्ष भारत को दुनिया का बड़ा उत्पादन हब बनाने का होगा। ये वर्ष युवाओं नए स्टार्टअप और उद्यमिता में तेजी से आगे बढ़ाने का वर्ष होगा। ये वर्ष कृषि क्षेत्र में नए कृर्तिमानों का होगा। ये वर्ष ईज ऑफ लिविंग बढ़ाने का होगा।”

मालूम हो कि शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेजे क्लस्टर के निवासियों के लिए 1,675 नवनिर्मित फ्लैटों के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने दिल्ली के अशोक विहार स्थित स्वाभिमान अपार्टमेंट में इन-सीटू स्लम रिहैबिलिटेशन प्रोजेक्ट के तहत झुग्गी-झोपड़ी (जेजे) क्लस्टर के निवासियों के लिए नवनिर्मित फ्लैटों की चाबियां लाभार्थियों को सौंपी।

प्रधानमंत्री ने वर्चुअली दो शहरी पुनर्विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया – नौरोजी नगर में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर और सरोजिनी नगर में जीपीआरए टाइप-II क्वार्टर, द्वारका में सीबीएसई का एकीकृत कार्यालय परिसर।

इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने नजफगढ़ के रोशनपुरा में वीर सावरकर कॉलेज की आधारशिला भी रखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *