पेरिस ओलंपिक में पहलवान विनेश फोगाट की अयोग्यता पर चर्चा करने की अनुमति नहीं दिए जाने के बाद विपक्षी इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने गुरुवार को राज्यसभा से वॉकआउट कर दिया। राज्यसभा में हंगामे के बीच सभापति जगदीप धनखड़ ने तृणमूल कांग्रेस सांसद डेरेक ओ’ब्रायन को उनके आचरण के लिए फटकार लगाई। इस मुद्दे को उठाते हुए, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह जानना महत्वपूर्ण है कि फोगाट को अयोग्य ठहराने के पीछे कौन था?
खड़गे ने कहा, “विनेश फोगाट का मुद्दा बहुत महत्वपूर्ण है… हमें यह जानना होगा कि इसके पीछे कौन था।”
मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हमने कल ये मुद्दा उठाया था। इस पर सभापति ने कहा कि क्या आप इस पर चर्चा चाहते हैं। विपक्ष के नेता ने कहा कि सौ ग्राम वजन अधिक हो गया, इसके पीछे कौन है? चर्चा होनी चाहिए। सभापति ने कहा कि नहीं, कुछ भी रिकॉर्ड में नहीं जाएगा। इसके बाद डेरेक ओ’ब्रायन और अन्य सदस्य हंगामा करने लगे। भड़के सभापति ने डेरेक को चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह के बर्ताव की निंदा करता हूं। अगली बार ऐसा किया तो दरवाजा दिखा दूंगा। इसके बाद विपक्ष ने सदन से वॉकआउट कर दिया।
इस पर जगदीप धनखड़ ने कहा कि पूरा देश दर्द महसूस कर रहा है और इस मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए।
सभापति धनखड़ ने कहा कि हरियाणा सरकार ने मेडल विजेता वाली सुविधाएं देने का ऐलान किया है। विपक्ष इसे मॉनेटाइज, पॉलिटिसाइज कराने की कोशिश कर रहा है। ये बेटी का अपमान है। सरकार ने जो कदम उठाए जाने चाहिए थे, उसे उठाया है। नेता सदन जेपी नड्डा ने कहा कि विपक्ष का व्यवहार निंदनीय है। विनेश का सवाल, पक्ष-विपक्ष का नहीं देश का सवाल है। खेल को आगे बढ़ाने का सवाल है।
धनखड़ ने कहा कि इस पवित्र सदन को अराजकता का केंद्र बनाना, भारतीय लोकतंत्र की परंपरा को कुठाराघात करना, ये अमर्यादित आचरण नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ये चुनौती मुझे नहीं, सभापति के पद को दी जा रही है। ये चुनौती इसलिए दी जा रही है, क्योंकि जो व्यक्ति इस पद पर बैठा है वह इसके लायक नहीं है, ऐसा ये सोचते हैं। मुझे हाउस का समर्थन जितना चाहिए, उतना नहीं मिला है। मैंने प्रयास में कोई कमी नहीं की है। सदन में बहुत वरिष्ठ सदस्य हैं, उनका सम्मान करता हूं। अपनी शपथ से दूर नहीं भाग रहा हूं। आज जिस तरह का व्यवहार हुआ, मैं कुछ समय के लिए यहां बैठने में अपने आपको सक्षम नहीं पा रहा हूं।
सभापति इसके बाद आसन से उठकर चले गए।
https://x.com/sansad_tv/status/1821434729641730184
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला ने कहा है कि मोदीजी अगर यूक्रेन की लड़ाई रुकवा सकते हैं तो आप विनेश फोगाट को भी न्याय दिलवाइए। हरियाणा के सीएम पैसे देने की बात कर रहे हैं, पूछना चाहता हूं कि आखिर कितने पैसे चाहिए सीएम को? संसद में कल खेल मंत्री पैसे गिना रहे थे। जनता आपको पैसे दे देगी। लेकिन विनेश को न्याय तो दिलवाइए।
इसके बाद राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित कर दी गई। प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद सभापति जगदीप धनखड़ ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित करने का ऐलान किया।
विपक्ष के वॉकआउट के बाद पत्रकारों से बात करते हुए, कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, “इंडिया ब्लॉक के सदस्यों ने विनेश फोगाट मुद्दे पर राज्यसभा से वॉकआउट किया है। हम उनकी ओलंपिक अयोग्यता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करना चाहते थे, लेकिन सरकार नहीं कर रही है।”
