नरेंद्र मोदी के 8 जून को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना है क्योंकि एनडीए ने 292 सीटें जीतकर बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। इस बीच नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। उन्होंने मंत्रिपरिषद सहित अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को सौंप दिया। राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए उनसे तथा मंत्रिपरिषद से अनुरोध किया है कि वे नई सरकार के कार्यभार संभालने तक पद पर बने रहें।
राष्ट्रपति भवन ने एक बयान में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद के साथ अपना इस्तीफा दे दिया। राष्ट्रपति ने इस्तीफा स्वीकार कर लिया और प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रिपरिषद से नई सरकार बनने तक पद पर बने रहने का अनुरोध किया है।”
https://x.com/ANI/status/1798277761624338789
सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शपथ ग्रहण समारोह 8 जून की शाम को हो सकता है। इसे लेकर तैयारियों पर मंथन तेज हो गया है। नए मंत्रिमंडल में चेहरों को लेकर सहयोगी दलों से बातचीत और बैठकों का दौर भी तेज हो गया है। संभव है कि दो-तीन दिन में नामों को फाइनल कर लिया जाएगा।
तीसरी बार पीएम पद की शपथ लेते ही नरेंद्र मोदी के नाम एक नया रिकॉर्ड भी जुड़ जाएगा। वे देश के दूसरे ऐसे नेता बन जाएंगे, जो लगातार तीसरी बार चुनाव जीते और देश के पीएम बने। इससे पहले यह रिकॉर्ड जवाहर लाल नेहरू के नाम पर है। मोदी उनके रिकॉर्ड की बराबरी करेंगे।
सूत्रों ने बताया कि इससे पहले दिन में, पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव परिणामों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता की और अगली सरकार के गठन से संबंधित मामलों पर भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री आवास पर बैठक सुबह 11.30 बजे शुरू हुई. यह मोदी 2.0 कैबिनेट और मंत्रिपरिषद की आखिरी बैठक थी।
सूत्रों ने बताया कि बीजेपी के सहयोगियों ने पहले ही मोदी 3.0 कैबिनेट के लिए बीजेपी को अपनी मांगें भेजनी शुरू कर दी हैं। जेडी (यू) ने 3 कैबिनेट सीटों की मांग की है। एकनाथ शिंदे शिव सेना गुट ने एक कैबिनेट और दो एमओएस बर्थ की मांग की है।
चिराग पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) एक कैबिनेट और एक राज्य मंत्री पद के लिए दबाव डाल सकती है। सूत्रों ने कहा कि HAM(S) प्रमुख जीतम राम मांझी नई सरकार में कैबिनेट पद चाहते हैं।
