पीएम मोदी का राहुल गांधी पर तंज: कहा- ‘शहजादा’ को पीएम बनाने को बेताब है पाकिस्तान’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का जिक्र किया और कहा कि पाकिस्तान ‘शहजादा’ को प्रधानमंत्री बनाने के लिए बेताब है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी पाकिस्तान की ‘पालक’ है। प्रधानमंत्री ने गुजरात के आणंद में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, “संयोग देखिए, आज भारत में कांग्रेस कमजोर हो रही है। मजा ये है कि यहां कांग्रेस मर रही है और वहां पाकिस्तान रो रहा है। कांग्रेस के लिए अब पाकिस्तानी नेता दुआ कर रहे हैं। शहजादे को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पाकिस्तान उतावला है। और कांग्रेस तो पाकिस्तान की मुरीद है ही। पाकिस्तान और कांग्रेस की ये पार्टनरशिप अब पूरी तरह एक्सपोज हो गई है।”

पीएम ने कहा, “जितने साल हमारे देश में कांग्रेस सरकार रही, बड़ा हउआ था पाकिस्तान का। पाकिस्तान के आतंक का टायर पंचर हो गया है। जो देश कभी आतंकी एक्सपोर्ट करता था वो आटे के इम्पोर्ट के लिए दर दर भटक रहा है। जिसके हाथ में कभी बम गोला था उसके हाथ में आज भीख का कटोरा है। कांग्रेस की कमजोर सरकार आतंक के आकाओं को डोजियर देती थी। लेकिन, मोदी की मजबूत सरकार आतंकियों को घर में घुसकर मारती है।”

कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए और बीजेपी की उपलब्धियां गिनाते हुए पीएम मोदी ने कहा, “देश ने 60 साल तक कांग्रेस का राज देखा है और देश ने 10 साल भाजपा का सेवा काल भी देखा है। वो शासन काल था ये सेवा काल है। कांग्रेस के 60 साल के शासन में करीब 60% ग्रामीण आबादी के पास शौचालय नहीं था। 60 साल बाद 10 साल में भाजपा सरकार ने शत प्रतिशत शौचालय बना दिए। 60 साल में कांग्रेस देश में सिर्फ 3 करोड़ ग्रामीण घरों तक ही नल से जल की सुविधा पहुंचा पाई यानी 20% भी नहीं, 10 साल में नल से जल पहुंचने वाले घरों की संख्या 14 करोड़ घर हो गई है, यानी 75% घरों में नल से जल पहुंचा है।”

उन्होनें कहा, “60 साल में कांग्रेस ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया, बैंकों पर कब्जा कर लिया और ये कहा कि बैंक गरीबों के लिए होने चाहिए। बैंकों का राष्ट्रीयकरण गरीबों के नाम पर करने के बावजूद भी कांग्रेस सरकार 60 साल में करोड़ों गरीबों के बैंक खाते नहीं खोल पाई। मोदी ने 10 साल में 50 करोड़ से ज्यादा जनधन बैंक खाते खोले।”

पीएम ने कहा, “कांग्रेस के कारण दशकों तक देश के संविधान के साथ भांति-भांति के खिलवाड़ हुए। सरदार साहब बहुत जल्दी चले गए, उसके कारण देश को बहुत नुकसान हुआ है। मेरे मन में है कि मैं सरदार साहब के सपने भी पूरे करने की कोशिश करूं। कांग्रेस के शहजादे आजकल माथे पर संविधान रखकर नाच रहे हैं। लेकिन, कांग्रेस मुझे जवाब दे कि जिस संविधान को आज माथे पर रखकर नाच रहे हो, क्यों 75 साल तक हिंदुस्तान के सभी हिस्सों पर ये संविधान लागू नहीं होता था। मोदी के आने से पहले इस देश में 2 संविधान, 2 झंडे थे, 2 प्रधानमंत्री थे। शहजादे की पार्टी कांग्रेस ने, इनके परिजनों ने देश में संविधान लागू नहीं होने दिया था। कश्मीर में हिंदुस्तान का संविधान लागू नहीं होता था। धारा 370 दीवार बनकर बैठी थी। सरदार पटेल की भूमि से आए इस बेटे ने उस 370 को जमींदोज कर दिया और सरदार साहब को श्रद्धांजलि दी।”

प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस मुसलमानों को अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का आरक्षण देने के लिए भारत के संविधान को बदलना चाहती है।

उन्होंने कहा, ”मैं कांग्रेस को लिखित में देने की चुनौती देता हूं कि वे धार्मिक आधार पर आरक्षण देने के लिए संविधान में बदलाव नहीं करेंगे।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “2014 में जब आपने अपने इस बेटे को गुजरात से दिल्ली भेजकर देश की सेवा करने का आदेश दिया, उस समय देश के प्रधानमंत्री बड़े विद्वान अर्थशास्त्री थे। जब उन्होंने छोड़ा था, तब देश दुनिया में 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था था। 10 साल में इस गुजराती ने, चाय वाले ने देश की इकोनॉमी को 5वें नंबर पर पहुंचा दिया।”

पीएम मोदी ने कहा, “यह मेरी गारंटी है कि मैं भारत को 2047 तक एक विकसित देश बनाने के लिए 24×7 काम करूंगा।”

वहीं कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद की भतीजी मारिया आलम खान के बयान पर प्रधानमंत्री ने कहा, “INDI गठबंधन के एक नेता ने उनकी रणनीति को देश के सामने उजागर कर दिया है। INDI गठबंधन ने मुसलमानों से वोट जिहाद के लिए जाने को कहा है। यह एक शिक्षित परिवार से आया है, किसी मदरसे से निकले बच्चे से नहीं। INDI गठबंधन कह रहा है कि सभी मुसलमानों को एक साथ आना चाहिए और वोट करना चाहिए। INDI गठबंधन ने लोकतंत्र और संविधान का अपमान किया है। कांग्रेस के किसी भी नेता ने अभी तक इस बयान का विरोध नहीं किया है। एक तरफ, INDI गठबंधन एससी, एसटी, ओबीसी और सामान्य श्रेणियों को विभाजित करने की कोशिश कर रहा है, दूसरी तरफ, वे वोट जिहाद का नारा लगा रहे हैं। इससे पता चलता है कि उनके इरादे कितने खतरनाक हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *