सेक्स टेप मामले में आरोपी प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी

जद (एस) के लोकसभा उम्मीदवार प्रज्वल रेवन्ना से जुड़े अश्लील वीडियो मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने गुरुवार को उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है। यह नोटिस दुनिया भर के सभी आव्रजन बिंदुओं पर जारी किया गया। यह घटनाक्रम तब सामने आया है जबकि रेवन्ना 26 अप्रैल को कथित तौर पर जर्मनी के फ्रैंकफर्ट भाग गए। रेवन्ना की बड़ी संख्या में स्पष्ट वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं, जिसमें उन्हें कई महिलाओं के यौन शोषण में लिप्त दिखाया गया था।

पूर्व प्रधानमंत्री और जद (एस) के संरक्षक एचडी देवेगौड़ा के पोते और पूर्व मंत्री एचडी रेवन्ना के बेटे प्रज्वल, जद (एस) के टिकट पर हासन से फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। जद (एस) सांसद, जो अपने सेक्स वीडियो को लेकर बड़े पैमाने पर विवाद में हैं और यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे हैं, ने अपने मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल के सामने पेश होने के लिए सात दिन का समय मांगा है।

उन्हें और उनके पिता डीडी रेवन्ना को पूछताछ के लिए एसआईटी के सामने पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया था।

हासन के सांसद ने जांच टीम को बताया कि वह बेंगलुरु से बाहर हैं।

बुधवार को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस मामले पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आक्रोश व्यक्त करने पर कटाक्ष किया।

अमित शाह ने बुधवार को प्रज्वल मामले का जिक्र करते हुए हुबली में कहा कि ”भाजपा महिलाओं के खिलाफ अत्याचार करने वालों के साथ नहीं रह सकती।”

इस बीच रेवन्ना और उनके बेटे प्रज्वल दोनों के खिलाफ उनके पूर्व रसोइया और रिश्तेदार द्वारा कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने की शिकायत के आधार पर होलेनरसिपुरा में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रज्वल ने उनकी बेटी को वीडियो कॉल की और आपत्तिजनक तरीके से बात की, जिसके कारण उन्हें उसे ब्लॉक करना पड़ा।

मालूम हो कि जनता दल (सेक्युलर) के सांसद प्रज्वल रेवन्ना उनसे जुड़े कुछ अश्लील वीडियो को लेकर विवादों में हैं। उन पर उनके घर में नौकरानी के रूप में काम करने वाली एक महिला ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। 47 वर्षीय महिला ने प्रज्वल के पिता होलेनरासीपुर विधायक एचडी रेवन्ना को भी आरोपी बनाया है। अपनी शिकायत में महिला ने दावा किया कि एचडी रेवन्ना और प्रज्वल उनके घर में महिला कर्मियों का यौन उत्पीड़न करते हैं।

महिला ने यह भी दावा किया कि प्रज्वल रेवन्ना ने उसकी बेटी के साथ छेड़खानी करने की कोशिश की, जिसके बाद रेवन्ना ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया।महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आईपीसी की धारा 354ए, 354डी, 506 और 509 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

कर्नाटक सरकार ने हासन सांसद से जुड़े एक कथित सेक्स स्कैंडल की जांच के लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया है। हालाँकि, प्रज्वल ने दावा किया है कि वायरल वीडियो से छेड़छाड़ की गई थी और इस संबंध में उन्होंने अपने पोलिंग एजेंट के माध्यम से शिकायत भी दर्ज कराई थी।

33 वर्षीय प्रज्वल, हासन लोकसभा क्षेत्र में एनडीए के उम्मीदवार हैं, जहां 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। जेडी (एस) पिछले साल सितंबर में एनडीए में शामिल हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *