बिहार राजनीतिक संकट पर मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- ‘सभी को एकजुट करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं’

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कहा कि पार्टी बिहार राजनीतिक संकट के बीच इंडिया ब्लॉक में मतभेदों को दूर करने की पूरी कोशिश कर रही है। बेंगलुरु में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें जनता दल (यूनाइटेड) के गठबंधन छोड़ने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

इससे पहले दिन में, सूत्रों ने बताया था कि जेडीयू के दिग्गज नेता नीतीश कुमार जल्द ही बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं और कई कांग्रेस विधायक उनके साथ जाएंगे।

खड़गे ने यह भी कहा कि उन्होंने नीतीश कुमार को पत्र लिखा है और उनसे बात करने की कोशिश भी की है।

कांग्रेस प्रमुख ने संवाददाताओं से कहा, “लेकिन मुझे नहीं पता कि नीतीश के मन में क्या है। कल मैं दिल्ली जाऊंगा और पूरी जानकारी लूंगा। देखते हैं क्या होता है।”

मल्लिलकार्जुन खड़गे ने यह भी कहा कि कांग्रेस इंडिया गठबंधन में “सभी को एकजुट करने” की पूरी कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सीपीआई (एम) महासचिव सीताराम येचुरी से भी बात की है।

खड़गे ने कहा, ”मैंने उनसे (ममता बनर्जी और सीताराम येचुरी से) कहा कि हमें एकजुट होने की जरूरत है, तभी हम (आगामी लोकसभा चुनाव में) अच्छी तरह चुनाव में लड़ सकते हैं।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे कहा कि जो कोई भी चाहता है कि इंडिया गठबंधन अच्छा काम करे और लोकतंत्र “बचाया जाए”, वह “जल्दबाजी में निर्णय” नहीं करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *