विपक्षी गुट ‘INDIA’ की अगली बैठक चुनावी राज्य मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हो सकती है। इस दौरान गठबंधन अपनी पहली संयुक्त सार्वजनिक रैली भी कर सकता है। समय और जगह को लेकर जल्द फैसला होगा। सूत्रों ने कहा कि अगली बैठक आयोजित करने के विकल्प पर मुंबई में विपक्षी दलों की हाल ही में संपन्न बैठक में चर्चा की गई थी और भोपाल में बैठक आयोजित करने पर व्यापक सहमति थी, लेकिन कोई तारीख तय नहीं की गई थी। मध्य प्रदेश में इसी साल चुनाव होने हैं।
सूत्रों ने कहा कि विपक्षी गठबंधन की अगली बैठक अक्टूबर की शुरुआत में हो सकती है। विपक्षी गुट ‘INDIA’ अगले आम चुनाव में सत्तारूढ़ एनडीए से संयुक्त रूप से मुकाबला करने की योजना बना रही है।
विपक्षी नेताओं ने दिल्ली को भी एक विकल्प माना। हालाँकि, तारीख की कोई पुष्टि नहीं हुई।
इस बीच खबर है कि ‘INDIA’ गठबंधन समन्वय समिति की पहली बैठक 13 सितंबर को दिल्ली में एनसीपी प्रमुख शरद पवार के आवास पर होगी।
विपक्षी नेता एनडीए से मुकाबला करने के लिए एकजुट होकर काम कर रहे हैं, जिसका असर संसद सत्र के दौरान भी दिखा। इंडिया ब्लॉक पहले ही पटना, बेंगलुरु और मुंबई में तीन बैठकें कर चुका है और अब वे चुनाव नजदीक आने पर विभिन्न स्थानों पर एनडीए के खिलाफ संयुक्त रैलियां आयोजित करने की योजना बना रहे हैं।
