लोकसभा भाषण के दौरान कम स्क्रीन टाइम पर राहुल गांधी बोले- ‘मुझे दिखाया नहीं’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज अविश्वास प्रस्ताव पर बहस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जवाब से पहले संसद पहुंचे। जब उनसे कांग्रेस के इस आरोप के बारे में पूछा गया कि संसद टीवी ने बुधवार को उनके भाषण के दौरान कम स्क्रीन टाइम दिया, तो गांधी ने जवाब दिया, “भाषण के दौरान मुझे दिखाया नहीं।”
इससे पहले कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया था कि संसद टीवी ने अविश्वास प्रस्ताव पर बहस के दौरान लोकसभा में 40 प्रतिशत से भी कम समय तक उसके नेता राहुल गांधी पर ध्यान केंद्रित किया। पार्टी ने कहा कि राहुल गांधी 15 मिनट तक बोले लेकिन संसद टीवी ने सिर्फ 4 मिनट 34 सेकेंड का वीडियो दिखाया।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी ट्वीट किया और कहा, “राहुल गांधी ने अविश्वास प्रस्ताव के दौरान दोपहर 12:09 बजे से 12:46 बजे तक यानी 37 मिनट तक बात की। जिसमें से संसद टीवी कैमरे ने उन्हें केवल 14 मिनट 37 सेकंड के लिए दिखाया। यह 40% से भी कम स्क्रीन समय है! मोदी किससे डरते हैं?”
एक दुसरे ट्वीट में उन्होंने लिखा- “यह और भी बदतर हो जाता है! राहुल गांधी ने मणिपुर पर 15 मिनट 42 सेकेंड तक बात की। इस दौरान संसद टीवी का कैमरा 11 मिनट 08 सेकेंड यानी 71% समय स्पीकर ओम बिरला पर फोकस रहा। संसद टीवी ने मणिपुर पर बोलते समय राहुल को केवल 4 मिनट 34 सेकंड के लिए वीडियो पर दिखाया।”
मालूम हो की सदन में सत्तारूढ़ सांसदों के हंगामे के बीच राहुल गांधी ने मणिपुर में हिंसा से निपटने के केंद्र के तरीके पर तीखा हमला बोला था।
