मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चुनावी राज्य राजस्थान में 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य के लोगों को 100 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की है। यह घोषणा इस साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव से पहले की गई है।

अशोक गहलोत ने ट्वीट कर कहा, “महंगाई राहत शिविर देखने और जनता से बात करने के बाद फीडबैक मिला कि बिजली बिलों में स्लैबवार छूट में थोड़ा बदलाव किया जाना चाहिए। मई महीने में बिजली बिलों में आए फ्यूल सरचार्ज को लेकर भी जनता से फीडबैक मिला है जिसके आधार पर बड़ा फैसला किया गया है।”

राजस्थान के सीएम ने घोषणा की कि प्रति माह 100 यूनिट तक बिजली की खपत करने वाले लोगों के लिए बिजली का बिल शून्य होगा। सीएम अशोक गहलोत ने कहा, “पहले 100 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। कितना भी बिल आए, उन्हें पहले 100 यूनिट के लिए कोई बिजली शुल्क नहीं देना होगा।”

उन्होंने आगे घोषणा की कि राज्य सरकार 200 यूनिट तक के बिजली बिलों पर स्थायी शुल्क और ईंधन अधिभार माफ करेगी। गहलोत ने कहा कि खासकर मध्यम वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए 200 यूनिट प्रतिमाह तक बिजली उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं को पहले 100 यूनिट बिजली फ्री के साथ 200 यूनिट तक के स्थायी शुल्क, फ्यूल सरचार्ज एवं तमाम अन्य शुल्क माफ होंगे एवं इनका भुगतान राज्य सरकार करेगी।

मालूम हो कि राजस्थान में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होना है। ऐसे में मुफ्त बिजली की यह घोषणा गहलोत सरकार का एक बड़ा दांव माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *