Record GST Collection: अप्रैल में जीएसटी संग्रह अब तक का सर्वाधिक 1.87 लाख करोड़ रुपये रहा

वित्त मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, जीएसटी संग्रह अप्रैल में 12 प्रतिशत बढ़कर 1.87 लाख करोड़ रुपये हो गया। यह अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था के रोलआउट के बाद से अब तक का सबसे अधिक मासिक संग्रह है। वित्त मंत्रालय ने एक बयान में कहा, अप्रैल 2023 के महीने में कुल जीएसटी संग्रह 1,87,035 करोड़ रुपये रहा, जिसमें सीजीएसटी 38,440 करोड़ रुपये, एसजीएसटी 47,412 करोड़ रुपये, आईजीएसटी 89,158 करोड़ रुपये (माल के आयात पर एकत्रित 34,972 करोड़ रुपये सहित) और उपकर 12,025 करोड़ रुपये का योगदान रहा।

पिछले साल अप्रैल 2022 में जीएसटी संग्रह 1,67,540 करोड़ रुपये रहा था। यानी इस साल अप्रैल में पिछले साल के मुकाबले 19,495 करोड़ अधिक जीएसटी कलेक्शन हुआ है। एक साल पहले की तुलना में इस वर्ष जीएसटी संग्रह में 12 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए ‘अच्छी खबर’ बताया है। पीएम ने ट्वीट किया – ‘भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी खुशखबरी! कम कर दरों के बावजूद बढ़ता कर संग्रह इस बात की सफलता दर्शाता है कि जीएसटी ने एकीकरण और अनुपालन को कैसे बढ़ाया है’।

इस दौरान घरेलू लेनदेन (सेवाओं के आयात समेत) से मिलने वाला कर राजस्व साल भर पहले की तुलना में 16 प्रतिशत अधिक है।

वित्त वर्ष 2022-23 में जीएसटी का कुल संग्रह 18.10 लाख करोड़ रुपये रहा था, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 22 प्रतिशत अधिक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *