चार धाम यात्रा 2023: श्रद्धालुओं के लिए ‘बद्रीनाथ मंदिर’ के कपाट खुले

बद्रीनाथ धाम के कपाट आज (27 अप्रैल) सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। उत्तराखंड के चार धाम में से एक, बद्रीनाथ धाम के कपाट वैदिक श्लोकों के उच्चारण के बीच खुले। भगवान विष्णु को समर्पित मंदिर को 15 क्विंटल फूलों से सजाया गया था।

उत्तराखंड में आज श्री बद्रीनाथ मंदिर के कपाट खुलने के दौरान आईटीबीपी बैंड ने ‘ओम जय जगदीश हरे’ की धुन बजाई।

महान हिमालय की ऊंचाई पर स्थित, चार तीर्थ स्थलों यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ को सामूहिक रूप से चार धाम के रूप में जाना जाता है। ये धार्मिक केंद्र हर साल बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों को आकर्षित करते हैं और भारत के उत्तरी भाग में धार्मिक यात्रा के सबसे प्रसिद्ध केंद्र हैं।

इससे पहले मंगलवार (25 अप्रैल) को केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए और पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर की गई। ये पूजा रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी शिवलिंग और धर्माचार्यों द्वारा की गई थी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा था कि चार धाम यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आसान और सुरक्षित हो, इसके लिए हर संभव प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा था कि, यात्रा के लिए सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी पूरा सहयोग दिया है। पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर यात्रा व्यवस्था को आगे बढ़ाने का काम किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *