कर्नाटक विधानसभा चुनाव: BJP ने जारी की 189 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, 52 नए चेहरे हुए शामिल

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव लड़ने वाले 189 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। 189 उम्मीदवारों में 52 नए चेहरे हैं जिन्हें टिकट दिया गया है। पहली सूची में ओबीसी समुदाय के 32, अनुसूचित जाति के 30 और अनुसूचित जनजाति के 16 उम्मीदवार शामिल हैं। सूची में 31 पीएचडी धारक और 31 उम्मीदवार ऐसे हैं जिनके पास स्नातकोत्तर डिग्री है।

बीजेपी की पहली सूची केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, मनसुख मंडाविया और अन्य बीजेपी नेताओं द्वारा एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जारी की गई। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि डबल इंजन सरकार और नरेंद्र मोदी के चेहरे का देश और कर्नाटक में महत्व है। नई लीडरशिप राज्य में विकसित हो इसको ध्यान में रखकर हमने सभी निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के 25,000 से ज्यादा जमीनी कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता की राय ली गई है। फिर 2 दिन मंडल और जिला के बीजेपी कार्यकर्ताओं और नेताओं से डिटेल बैठक कर उम्मीदवारों पर राय ली गई। उसके बाद हमने राज्य स्तर पर बैठक कर सभी सीटों पर चर्चा की और फिर दिल्ली में कोर ग्रुप और केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में चर्चा कर लिस्ट तैयार की।

लिस्ट जारी होने के बाद कर्नाटक के सीएम बोम्मई ने ट्विटर पर कहा, ‘पूरे राज्य में डबल इंजन सरकार के पक्ष में माहौल है और इस बार हम पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रहे हैं।’

5 वकील, 3 प्रोफेसर, 1 आईएएस, 1 आईपीएस, और 3 रिटायर सरकारी कर्मचारी को भी पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा सूची में 9 डॉक्टर, 8 सामाजिक कार्यकर्ता और 8 महिलाएं शामिल हैं। पार्टी ने एक रिटायर्ड आईएएस और एक आईपीएस अधिकारी को भी टिकट दिया है। पूर्व आईपीएस और बेंगलुरु के आयुक्त रहे भास्कर राव चामराजपेट निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। आर अशोक कनकपुरा सीट से कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख डीके शिवकुमार के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे तो वहीं सीपी योगेश्वर चन्नापटना से पूर्व मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के खिलाफ मैदान में उतरेंगे।

कई सिटिंग विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं। पूर्व डिप्टी सीएम लक्ष्मण सवाडी को अथनी से टिकट नहीं दिया गया है। वहीं जगदीश शेट्टार का पत्ता भी इस बार कट गया है। उन्हें पार्टी हाईकमान ने बातचीत के लिए दिल्ली बुलाया है। जगदीश ने कहा है कि पहली लिस्ट में उनका नाम होना चाहिए था।

गोकाक से रमेश जरकीहोली, मुदुल से गोविंद कारजोल, बिलगी से मुर्गेश निराणी, बेलाहोंगल से जगदीश चेनप्पा, बेलगांव उत्तर से रवि पाटिल, बेलगांव दक्षिण से अभय पाटिल, बेल्लारी ग्रामीण से बी श्री रामुलू, शिकारीपुर से बीएस येदियुरप्पा के बेटे बीवाई विजयेंद्र, चिकमंगलूर से बीजेपी महासचिव सीटी रवि, मल्लेश्वर से डॉ अश्वत्थ नारायण, पद्मनगर से आर अशोक को पार्टी ने टिकट दिया है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री लक्ष्मण सावदी अथानी से टिकट चूक गए, वहीं मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई शिगगांव निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। कर्नाटक की 224 सीटों पर 10 मई को मतदान होगा, जबकि रिजल्ट 13 मई को आएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *