सलमान खान को एक बार फिर मिली जान से मारने की धमकी, फोन करने वाले ने कहा- 30 अप्रैल को खत्म कर दूंगा

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को एक बार फिर जान से मारने की धमकी दी गई है। बॉलीवुड सुपरस्टार को हाल ही में कई धमकियां मिलीं थी। अब यह पता चला है कि दबंग अभिनेता को एक और मौत की धमकी मिली है। 10 अप्रैल को रात 9 बजे मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम में धमकी भरी कॉल की गई। शुरू में कॉल करने वाले की पहचान नहीं हो पाई थी।

फोन करने वाले ने अपना परिचय जोधपुर के गोरक्षक रॉकी भाई के रूप में दिया है। उसने 30 अप्रैल 2023 को खान को खत्म करने की धमकी दी है। उसी के बाद मुंबई पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने फोन करने वाले के ठिकाने का पता लगा लिया है।

इससे पहले 18 मार्च को सलमान के मैनेजर प्रशांत गुंजलकर को एक धमकी भरा ई-मेल भेजा गया था, जिसमें एक्टर से बात करने की बात कही गई है। ये मेल रोहित गर्ग के नाम से मिला था। ई-मेल में लिखा था ‘गोल्डी बरार को तेरे बॉस यानी सलमान खान से बात करनी है। इंटरव्यू देख लिया होगा उसने शायद, नहीं देखा हो तो बोल दियो देख लेना। मैटर क्लोस करना है तो बात करवा दो। फेस टू फेस करना हो तो वो भी बता दो। अभी टाइम रहते इन्फॉर्म कर दिया है. अगली बार झटका ही देखने को मिलेगा।’

बीते साल जून में भी सलमान खान के पिता सलीम खान को एक धमकी भरी चिट्ठी दी गई थी। इस चिट्ठी में कहा गया था कि सलमान का हाल भी सिद्धू मूसेवाला जैसा होगा।

लगातार मिल रही धमकियों के बीच बीते दिनों सलमान ने निसान पेट्रोल एसयूवी खरीदी है। कार का आयात किया गया है क्योंकि यह अभी तक भारतीय बाजार में उपलब्ध नहीं है। भारत में इस एसयूवी की कोई आधिकारिक लॉन्चिंग नहीं हुई है। सलमान ने सुरक्षा के लिहाज से यह कार अपने लिए लेने का फैसला किया।

इस बीच सलमान खान ने ‘किसी का भाई किसी की जान’ का प्रमोशन शुरू कर दिया है। पहला प्रमोशनल इवेंट- एक ट्रेलर लॉन्च 10 अप्रैल को मुंबई में आयोजित किया गया था। ट्रेलर लॉन्च के मौके पर खान के साथ उनके सह-कलाकार पूजा हेगड़े, शहनाज गिल, राघव जुयाल, जस्सी गिल, सिद्धार्थ निगम, भूमिका चावला और अन्य लोग भी शामिल थे।

बता दें कि फरहाद सामजी द्वारा निर्देशित ‘किसी का भाई किसी की जान’ 21 अप्रैल 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है। फिल्म में भाग्यश्री, वेंकटेश दग्गुबाती और विजेंदर सिंह भी हैं। ‘किसी का भाई किसी की जान’ गाने में राम चरण की विशेष उपस्थिति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *