आकांक्षा दुबे सुसाइड केस: फरार आरोपी समर सिंह को पुलिस ने गाजियाबाद से किया गिरफ्तार

आकांक्षा दुबे आत्महत्या मामले में नामजद आरोपी भोजपुरी गायक समर सिंह को गिरफ्तार करने में वाराणसी पुलिस को सफलता मिल गई है। पुलिस ने समर सिंह को गाजियाबाद के थाना नंदग्राम के चार्म्स क्रिस्टल सोसाइटी, राजनगर एक्सटेंशन से गिरफ्तार किया है। वाराणसी पुलिस ने रेकी कर समर सिंह को धर दबोचा।

भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने 26 मार्च को वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में स्थित होटल सोमेंद्र इन में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया था। इस घटना के बाद आकांक्षा की मां मधु दुबे ने आकांक्षा को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप भोजपुरी गायक समर सिंह व उसके भाई संजय सिंह पर लगाया था।

इस बीच आकांक्षा दुबे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सामने आ गई है, जिसमें आत्महत्या को लेकर कई तरह से सवाल उठ रहे हैं। आकांक्षा के पेट में भूरे रंग का लिक्विड मिला है। उसने रात को कुछ खाया भी नहीं था और न ही कोई लिक्विड मिला है, जैसा कि कहा जा रहा था कि उसने रात को शराब पी थी। आकांक्षा का म्यूकस मेंब्रेन ऑफ स्टमक चोक्ड पाया गया। मेडिकल एक्सपर्ट्स के अनुसार किसी कोवरसिव मटेरियल की वजह से ही पूरा कंजेशन स्टमक के म्यूकस मेंब्रेन में हो सकता है। उनकी कलाई पर भी चोट के निशान हैं।

आकांक्षा की मां ने समर सिंह व संजय सिंह के खिलाफ सारनाथ थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि समर सिंह आकांक्षा से काम कराने के बाद उसे पैसे नहीं दे रहा था। करोड़ों रुपए बकाया होने के बाद जब आकांक्षा पैसे मांगती थी तो उसे समर सिंह धमकी देता था और गाली-गलौज भी करता था।

आकांक्षा की मां इस घटना के बाद से लगातार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रही थी। उनका कहना था कि घटना के कई दिन बीतने के बावजूद पुलिस समर सिंह की गिरफ्तारी में ढुलमुल रवैया अपना रही है। उन्होंने वाराणसी के पुलिस कमिश्नर से भी मुलाकात कर समर सिंह की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी और पुलिस कमिश्नर ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था।

वाराणसी पुलिस समर सिंह की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें बनाकर जगह-जगह छापेमारी कर रही थी। समर सिंह के विदेश भागने की संभावना को देखते हुए वाराणसी पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी कर दिया था और देश के सभी एयरपोर्ट अथॉरिटी को इसकी सूचना भी भेज दी गई थी। इसी बीच वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली और गाजियाबाद में एक अपार्टमेंट में समर सिंह के छिपे होने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।

बता दें कि भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे अपकमिंग प्रोजेक्ट की शूटिंग के सिलसिले में वाराणसी में थीं। वह अपने होटल के कमरे में मृत पाई गई थीं। सारनाथ थाने के एसएचओ धर्मपाल सिंह ने कहा था कि समर और उसके भाई के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी आकांक्षा की मां की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *