दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई ने दिल्ली शराब घोटाला मामले में करीब आठ घंटे तक चली पूछताछ के बाद रविवार को गिरफ्तार कर लिया। ये गिरफ्तारी आम आदमी पार्टी के लिए अप्रत्याशित नहीं थी क्योंकि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और सिसोदिया- दोनों ही लोगों ने आज गिरफ्तारी की आशंका जताई थी।
मालूम हो कि शराब नीति मामले में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को CBI ने रविवार शाम करीब 07:15 बजे गिरफ्तार किया। सूत्रों के अनुसार आबकारी विभाग के एक IAS ऑफिसर ने CBI की पूछताछ में सिसोदिया का नाम लिया था। इस ऑफिसर ने कहा था कि सिसोदिया ने ऐसी शराब नीति बनवाई थी जिससे सरकार को मुनाफा नहीं हो, व्यापारियों को मोटा फायदा हो। इसी बयान के आधार पर सिसोदिया से पूछताछ की गई। इस ब्यूरोक्रेट ने मनीष सिसोदिया पर सबूत नष्ट करने का भी आरोप लगाया था। रविवार को जब CBI ने मनीष और इस ऑफिसर को आमने-सामने बिठाया और पूछताछ की तो मनीष ने कई सवालों के जवाब नहीं दिए।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सिसोदिया की गिरफ्तारी गंदी राजनीति है और जनता जवाब देगी। उन्होंने ट्वीट किया- “मनीष बेक़सूर हैं। उनकी गिरफ़्तारी गंदी राजनीति है। मनीष की गिरफ़्तारी से लोगों में बहुत रोष है। लोग सब देख रहे हैं। लोगों को सब समझ आ रहा है। लोग इसका जवाब देंगे। इस से हमारे हौसले और बढ़ेंगे। हमारा संघर्ष और मज़बूत होगा”।
इससे पहले रविवार सुबह मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा था कि, “आज फिर CBI जा रहा हूँ, सारी जाँच में पूरा सहयोग करूँगा। लाखों बच्चो का प्यार व करोड़ो देशवासियो का आशीर्वाद साथ है। कुछ महीने जेल में भी रहना पड़े तो परवाह नहीं। भगत सिंह के अनुयायी हैं, देश के लिए भगत सिंह फाँसी पर चढ़ गए थे। ऐसे झूठे आरोपों की वजह से जेल जाना तो छोटी सी चीज़ है।”
CBI दफ्तर पहुंचने से पहले सिसोदिया बापू की समाधि राजघाट पर पहुंचे थे और उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि – ‘जब मैं टीवी चैनल में था। अच्छी सैलरी थी, एंकर था। अच्छी जिंदगी चल रही थी। सब छोड़कर केजरीवाल जी के साथ आ गया। झुग्गी-झोपड़ी में काम करने लगा। आज जब ये मुझे जेल भेज रहे हैं तो मेरी पत्नी घर पर अकेली रहेगी। वो बहुत बीमार रहती है। बेटा यूनिवर्सिटी में पढ़ता है। आपको ध्यान रखना है।’
आम आदमी पार्टी ने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए काला दिन है। बीजेपी के इशारे पर सीबीआई ने दुनिया के सबसे अच्छे शिक्षा मंत्री को फर्जी केस में गिरफ्तार किया। पार्टी ने एक ट्वीट में दावा किया कि सिसोदिया को राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के कारण ‘फर्जी’ मामले में गिरफ्तार किया गया।
आप ने ट्वीट किया – “लोकतंत्र के लिए काला दिन। लाखों बच्चों का भविष्य संवारने वाले दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री @msisodia को भाजपा की सीबीआई ने फर्जी मामले में गिरफ्तार किया। भाजपा ने यह गिरफ्तारी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के चलते की है।”
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने ट्वीट किया- ‘सिसोदिया की गिरफ्तारी तानाशाही की इंतहा है। आपने एक नेक इंसान और सर्वश्रेष्ठ शिक्षा मंत्री को गिरफ़्तार करके अच्छा नही किया मोदी जी, भगवान भी आपको माफ़ नही करेगा। एक दिन आपकी तानाशाही का अंत ज़रूर होगा मोदी जी’।
AAP विधायक आतिशी ने कहा कि, “मनीष सिसोदिया ने आठ साल में दिल्ली के सरकारी स्कूलों की काया पलट कर दी। उन्हें इसी की सजा मिल रही है। भाजपा कह रही है कि ये 10 हजार करोड़ रुपए का घोटाला है। ये पैसा कहां है। CBI ने सिसोदिया के घर, उनके रिश्तेदारों, दोस्तों तक की तलाशी ली, लेकिन ये रुपया नहीं मिला। ये रुपए कहां हैं। सरकार ये नहीं बता पा रही है”।
बता दें कि रविवार को करीब आठ घंटे तक चली पूछताछ के दौरान सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया से आबकारी नीति के विभिन्न पहलुओं, दिनेश अरोड़ा और प्राथमिकी में उल्लिखित अन्य आरोपियों के साथ उनके कथित संबंध और मामले के विवरण पर कथित तौर पर पूछताछ की। रिपोर्ट में कहा गया है कि जांचकर्ता सिसोदिया की प्रतिक्रियाओं से संतुष्ट नहीं थे। अधिकारियों ने आगे कहा कि जांच एजेंसी ने महसूस किया कि सिसोदिया से गहन पूछताछ के लिए हिरासत में पूछताछ आवश्यक है।
