चीन में कोरोना के बढ़ते केसों के बीच भारत में ओमिक्रोन के सभी वेरिएंट की उपस्थिति की जानकारी सामने आई है। भारत सरकार ने बयान में बताया है कि भारत में ओमिक्रॉन वैरिएंट और उसके सब वैरिएंट मौजूद हैं। कोविड पॉजिटिव सैंपल्स की सेंटिनल सीक्वेंसिंग की जांच में ये बात सामने आई है। सरकार ने बताया है कि 324 कोविड पॉजिटिव सैंपल की सेंटिनल सीक्वेंसिंग की गई थी जिसमें देश में ओमिक्रॉन के सभी सब-वेरिएंट के होने की बात पता चली है। हालांकि जहां ये वेरिएंट मिले हैं उन क्षेत्रों में कोरोना के कारण मृत्यु दर या कोरोना के मामलों में वृद्धि की सूचना नहीं प्राप्त हुई है।
इन पॉजिटिव सैंपल्स की सेंटिनल सीक्वेंसिंग में सभी ओमिक्रोन वेरिएंट्स जैसे BA.2, BA.2.75, XBB (37), BQ.1 और BQ.1.1 (5) की उपस्थिति दर्ज हुई है। मालूम हो कि 29 दिसंबर, 2022 से 7 जनवरी, 2023 तक, एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (Integrated disease surveillance programme) सेंटिनल साइटों ने सीक्वेंसिंग के लिए 22 लोगों के SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) लैब में 324 कोविड पॉजिटिव सैंपल भेजे थे। कुल 183 सैंपल पॉजिटिव पाए गए जिन्हें बाद में 13 INSACOG प्रयोगशालाओं में संपूर्ण जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजा गया। करीब 50 सैंपल की सीक्वेंसिंग से ओमिक्रोन और इसके सब-वेरिएंट्स का पता चला. XBB (11), BQ.1.1 (12) और BF7.4.1 (1) अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के इन नमूनों में पाए गए मुख्य वेरिएंट थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार देश में फिलहाल कोरोना के XBB.1.5, ओमिक्रॉन सब-वैरिएंट BF.7 और XBB वैरिएंट्स के मामले देखे जा रहे हैं। इन तीनों की संक्रामकता दर काफी अधिक है। इनमें से XBB.1.5 को अब तक का सबसे खतरनाक वैरिएंट भी माना जा रहा है।
WHO की तकनीकी प्रमुख और कोरोना महामारी विशेषज्ञ मारिया वैन केरखोव ने बताया है कि इन दिनों XBB.1.5 का वैश्विक खतरा बढ़ रहा है। यह ओमिक्रॉन का अब तक का ‘सबसे संक्रामक और खतरनाक रूप’ है। काफी कम समय में ही यह करीब 30 देशों में फैल गया है। सभी देशों को इस वैरिएंट की संक्रामकता का ध्यान रखते हुए बचाव को लेकर विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है। यह वैरिएंट वैश्विक स्तर पर चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
बता दें कि सोमवार को भारत में एक दिन में कोरोना के 170 नए मामले सामने आने के बाद देश में अभी तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 4 करोड़ 46 लाख 80 हजार 94 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, कोविड-19 से भारत में अभी तक 5 लाख 30 हजार 721 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमण की दैनिक दर 0.20 प्रतिशत, जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.11 प्रतिशत है।
AFP की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के हेनान प्रांत के 89% लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। यहां की आबादी 9 करोड़ 94 लाख है। जापान में भी एक्सपर्ट्स ने कोरोना को लेकर वॉर्निंग जारी कर दी है। उनका कहना है कि 15 जनवरी के बाद कोरोना के मामलों में उछाल देखा जा सकता है। जापान ने तो संक्रमण रोकने के लिए चीन से आए यात्रियों के लिए टेस्टिंग जरूरी कर दी है। अमेरिकी हेल्थ एजेंसी सेंटर्स फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) ने बताया है कि XBB.1.5 वैरिएंट के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। उत्तर-पूर्वी राज्यों में XBB.1.5 वैरिएंट के 72% मामले हैं। वहीं पूरे देश में इसके 27.6% केसेस हैं। यह वैरिएंट सबसे पहले न्यूयॉर्क में पाया गया था।
