प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन की आज बुधवार को तबीयत बिगड़ गई है। सांस लेने में दिक्कत के बाद उन्हें अहमदाबाद के एक निजी अस्पताल यूएन मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसकी जानकारी मिलते ही खुद पीएम मोदी अहमदाबाद के लिए रवाना हुए और अब वो वहां पहुंच गए हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच पीएम मोदी अपनी मां से अस्पताल में मुलाकात कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री की मां हीराबेन मोदी को तबीयत बिगड़ने के तुरंत बाद ‘यू एन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर’ में भर्ती कराया गया। हॉस्पिटल में भर्ती होने के कुछ ही देर बाद अस्पताल की तरफ से एक हेल्थ बुलेटिन जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि हीराबेन मोदी (100) की हालत स्थिर है।
इससे पहले 5 दिसंबर, 2022 को पीएम मोदी की मां हीराबेन ने गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान गांधीनगर के पास रायसन गांव में वोट डाला था। प्रधानमंत्री मोदी ने भी उस दौरान वोटिंग से एक दिन पहले अपनी मां से मुलाकात की थी और उनका आशीर्वाद लिया था।
हीराबेन अभी गांधीनगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई पंकजभाई के साथ रायसन में वृंदावन बंगला-2 में रह रही हैं। हीराबेन का जन्म 18 जून 1923 को हुआ। इसी साल 18 जून को उन्होंने अपने जीवन के 100वें साल में प्रवेश किया था।
जून में अपनी मां के 100वें साल में प्रवेश करने के अवसर पर पीएम नरेंद्र मोदी ने एक भावनात्मक ब्लॉग लिखा था। इस ब्लॉग में उन्होंने अपनी मां के साथ बिताए हुए कुछ पलों को याद किया। उन्होंने उनको बड़ा करने के दौरान मां द्वारा किए गए बलिदानों को याद किया और अपनी मां की विभिन्न खूबियों का उल्लेख किया जिससे उनके मस्तिष्क, व्यक्तित्व और आत्मविश्वास को स्वरूप मिला।
पीएम मोदी ने लिखा था, “आज, मुझे यह बताते हुए बेहद खुशी और सौभाग्य की अनुभूति हो रही है कि मेरी मां श्रीमती हीराबा मोदी अपने 100वें साल में प्रवेश कर रही हैं. यह उनका जन्म शताब्दी वर्ष होने जा रहा है।”
राहुल गांधी ने पीएम मोदी की मां के स्वास्थ्य को लेकर ट्वीट किया और लिखा कि, “एक मां और बेटे के बीच का प्यार अनन्त और अनमोल होता है। मोदी जी, इस कठिन समय में मेरा प्यार और समर्थन आपके साथ है। मैं आशा करता हूं आपकी माताजी जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं”।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की माता जी के अस्वस्थ होने का समाचार प्राप्त हुआ। इस घड़ी में हम सब उनके साथ हैं। मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उन्हें जल्द स्वास्थ्य लाभ मिले।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी ट्वीट कर पीएम की मां के स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी के स्वास्थ्य लाभ की हम कामना करते हैं। आशा है कि वे जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं।”
भारत में इजराइल के राजदूत Naor Gilon ने भी हीराबेन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “मैं पीएम नरेंद्र मोदी की मां श्रीमती हीराबेन मोदी जी के अच्छे स्वास्थ्य और शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, “आदरणीय श्रीमती हीराबेन मोदी जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना।”
