कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने रॉबर्ट वाड्रा पर बीजेपी के आरोप का जवाब देते हुए कहा कि बीजेपी राजस्थान की कांग्रेस सरकार और रॉबर्ट वाड्रा पर झूठे आरोप लगा रही है। बीकानेर भूमि सौदा मामले में किसी भी दर्ज केस में रॉबर्ट वाड्रा का नाम नहीं है और पिछले आठ वर्षों से केंद्र के सत्ता में बैठी बीजेपी सरकार उनके खिलाफ कोई भी आरोप साबित नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा संचालित ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को जिस तरह से समर्थन मिल रहा है उसे देखकर बीजेपी नेतृत्व घबरा गया है।
सुरजेवाला ने कहा कि, “नफरत की दुकान चलाने वाले मनोरोग के शिकार हो गए हैं।” उन्होंने कहा कि, “बीजेपी के प्रवक्ता ने झूठे आरोप लगाते हुए बताया है कि साल 2008 से 2013 के बीच बीकानेर में किसानों की एक हजार एकड़ जमीन छीन कर दो फर्जी व्यक्तियों को दे दी और फिर ये जमीन रॉबर्ट वाड्रा की कंपनी को बेच दी।”
रणदीप सुरजेवाला ने बीजेपी पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि सच्चाई ये है कि, “राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने 2008 से 2013 के बीच बीकानेर में किसानों की एक इंच भी जमीन नहीं ली। ये सफेद झूठ है।” उन्होंने कहा, “फरवरी 2007 में बीजेपी सरकार ने दो लोगों (नाथाराम और हरिराम) को जमीन दी थी, जो नाथराम ने आगे दूसरे व्यक्ति को बेच दी। यह सब बीजेपी सरकार के दौरान हुआ। उसके तीन साल बाद जनवरी 2010 में 31.61 हेक्टेयर जमीन रॉबर्ट वाड्रा की कंपनी को बाजार दर पर बेच दी गई। उसके चार साल बाद अगस्त 2014 में राज्य सरकार की ओर से नाथाराम को सौंपी गई जमीन वापस सरकार को मिल गई।” इस पूरे मामले में नुकसान स्काईलाइट और रॉबर्ट वाड्रा को हुआ।”
सुरजेवाला ने कहा कि, “साल 2014 में 4 FIR दर्ज की गई तब रॉबर्ट वाड्रा का कहीं नाम नहीं था। नुकसान की भरपाई के लिए रॉबर्ट वाड्रा 2015 में अदालत गए और वो मामला अभी तक चल रहा है। ED ने ECIR दर्ज कर स्काईलाइट कंपनी को समन भेजा। इस समन के खिलाफ स्काईलाइट अदालत गई, जिसे कोर्ट ने यह कह कर खारिज कर दिया कि इस मामले में आरोप ही नहीं है।” सुरजेवाला ने पूछा कि, “बीजेपी बताए कि उनकी सरकार ने फर्जीवाड़ा क्यों किया?”
सुरजेवाला ने बीजेपी पर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि, “साल 2013 के बाद पांच सालों तक बीजेपी की सरकार थी, बावजूद इसके इस मामले में रॉबर्ट वाड्रा के ऊपर कोई आरोप नहीं लगा। केंद्र की सत्ता में पिछले आठ सालों में बीजेपी की सरकार है, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। चुनाव से पहले ऐसे आरोप लगाना बीजेपी के स्वभाव का हिस्सा है।”
मालूम हो कि भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस सरकार ने राजस्थान में किसानों की जमीन हड़प कर रॉबर्ट वाड्रा को सौंप दी। उन्होंने कहा था कि यह घोटाला करीब एक हजार करोड़ रुपये का है। उन्होंने आरोप लगाया था कि कांग्रेस सरकार में जमीन के फर्जी आवंटन हुए। गहलोत सरकार ने ‘कांग्रेस परिवार’ के आदेश पर एक ऐसे व्यक्ति को जमीन दी, जो वास्तव में था ही नहीं।
