Kanpur Police Viral Video: बंद कमरे में पुलिस ने की महिला की पिटाई, महिला चिल्लाती रही और मदद मांगती रही

उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक वीडियो सामने आया है और ये वीडियो प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार और राज्य की पुलिस पर कई तरह के सवाल खड़ा कर रहा है। इस वायरल वीडियो में एक पुलिस वाला एक महिला को कमरे में बंद कर पीटता दिखाई दे रहा है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पुलिसकर्मी एक महिला को बंद कमरे में पीट रहा है. वीडियो में सुनाई दे रहा है कि कमरे के बाहर मौजूद लोग पुलिसकर्मी पर चिल्ला रहे हैं और उससे दरवाजा खोलने के लिए कह रहे हैं। इस दौरान महिला खुद को बचाने के लिए मदद की गुहार लगाती नजर आ रही हैं। महिला चिल्लाते हुए कह रही है,”‘वह मुझे पीट रहा है, प्रताड़ित कर रहा है”। जैसे ही पुलिस वाले को पता चलता है कि उसकी इस हरकत का वीडियो बनाया जा रहा है तो वह कहने लगता है, ”आप लोग पुलिस के साथ सही काम नहीं कर रहे हैं, आप जो भी कर रहे हैं वह गलत है।” पुलिस वाले ने अपनी हरकत का बचाव करने की कोशिश की। वीडियो बनने के बावजूद भी पुलिस वाले ने महिला को नहीं छोड़ा।

कानपुर पुलिस के इस वायरल वीडियो को समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी शेयर किया गया है।

समाजवादी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया,”कानपुर पुलिस की एक और शर्मनाक करतूत। ककवन थाना क्षेत्र में सब इंस्पेक्टर युवती से कर रहा अभद्रता, जान से मारने का कर रहा प्रयास। रोज़ाना योगी सरकार की पुलिस की बर्बरता की घटनाएं आ रही सामने, मुख्यमंत्री मौन। मामले की हो जांच, आरोपी पुलिसकर्मी पर हो कार्रवाई।”

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर कानपुर कमिशनर बी.पी. जोगदंड ने कहा, “सब इंस्पेक्टर के एक महिला के साथ दुर्व्यवहार का एक वीडियो वायरल हुआ है। मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया जाएगा। महिला को रोकने के लिए दारोगा ने महिला का हाथ पकड़ा था। इसमें आगे की कार्रवाई जारी है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *