उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के शाहपुर गांव में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक मकान में आग लगने से एक ही परिवार के पांच लोगों की जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि घर में आग चूल्हे के कारण लगी थी। मंगलवार रात आस-पास के लोगों ने आग लगने की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाकर घर के अंदर दाखिल हुई। टीम को घर के अंदर पांच शव पड़े मिले। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल राहत की टीमें मौके पर भेजी गई हैं।
मऊ के जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि हादसे में मृत लोगों के लिए मुआवजे की घोषणा की गई है। परिवार को प्रति व्यक्ति 4 लाख की सहायता राशि दी जाएगी। अग्रिम कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि मऊ जिले के कोपागंज पुलिस स्टेशन के शाहपुर गांव में एक घर में आग लगी थी। आग लगने से एक महिला, 1 वयस्क और 3 नाबालिगों सहित परिवार के 5 सदस्यों की मौत हो गई। फिलहाल दमकल, चिकित्सा के साथ पुलिस और राहत दल की टीम मौके पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा प्रारंभिक रिपोर्ट में पता चला है कि आग चूल्हे से लगी थी।
मालूम हो कि शाहपुर गांव निवासी गुड़िया की शादी दोहरी घाट के रमाशंकर राजभर से हुई थी। गुड़िया के अभिषेक, दिनेश और अंजेश बच्चे थे। पति रमाशंकर से विवाद के बाद गुड़िया पांच सालों से अपने मायके शाहपुर में ही रहती थी। गुड़िया के साथ उसकी बहन शिव कुमारी की बेटी चांदनी भी थी। मंगलवार रात गुड़िया और बच्चे खाना खाकर सो गए। उसके बाद अचानक झोपड़ी में आग लग गई। नींद में होने के कारण झोपड़ी से कोई निकल नहीं सका और पांचों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक अविनाश पाण्डेय ने बताया कि पांचों शव बरामद हो गए हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है।
