राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर किया बड़ा वार, कहा- ‘हमारे खिलाफ चीन और पाकिस्तान एक साथ हैं’, 2014 के बाद से भारत की अर्थव्यवस्था हुई कमजोर

भारत और चीन के बीच चल रहे सीमा विवाद को लेकर एक बार फिर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को सतर्क किया है। दरअसल बीते दिनों “भारत जोड़ो यात्रा” के दौरान हरियाणा में पूर्व सैनिकों के बीच राहुल गांधी ने कहा कि हमारे दोनों पड़ोसी देशों- चीन और पाकिस्तान ने आपस में हाथ मिला लिया है। दोनों ही देश एक साथ तैयारी कर रहे हैं और अगर ऐसे में युद्ध होता है तो यह युद्ध इन दोनों के खिलाफ होगा। राहुल गांधी ने अपने यूट्यूब हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वे ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान सशस्त्र बलों के लोगों से साथ बातचीत करते हुए दिख रहे हैं।

इस यूट्यूब वीडियो में राहुल गांधी कह रहे हैं कि, ‘चीन और पाकिस्तान दोनों एक साथ आ गए हैं। अगर कोई युद्ध होता है तो अब अलग-अलग नहीं होगा बल्कि दोनों देशों के साथ होगा। इससे देश का बहुत बड़ा नुकसान होगा। फिलहाल भारत की स्थिति बेहद संवेदनशील है।’

राहुल गांधी ने सेना के प्रति अपने आदर और सम्मान का भाव जताते हुए कहा, ‘मेरे अंदर आपके के लिए सिर्फ सम्मान नहीं है बल्कि प्रेम और स्नेह भी है। आप इस देश की रक्षा करते हैं। यह देश आपके बिना एक्जिस्ट ही नहीं करता।’

राहुल ने अपने द्वारा कही बात का आशय समझाते हुए कहा कि, ‘पहले हमारे दो दुश्मन थे, जिनमें पहला चीन और दूसरा पाकिस्तान था और हमारी नीति दोनों को अलग करके रखने की थी। पहले कहा जाता था कि ढाई मोर्चों पर लड़ाई है। चीन, पाकिस्तान और आतंकवाद लेकिन आज एक ही मोर्चा है। चीन और पाकिस्तान एक हो गए हैं। अब अलग-अलग युद्ध नहीं होगा, दोनों के साथ एकसाथ होगा। वे दोनों ही देश न केवल सैन्य रूप से बल्कि आर्थिक रूप से भी एक साथ काम कर रहे हैं।’

राहुल गांधी ने कहा कि चीन ने लद्दाख में भारत की 2000 स्क्वायर किलोमीटर जमीन छीन ली है। वो सीमा के अंदर बैठे हैं। प्रधानमंत्री ने देश को झूठ बोला कि कोई अंदर नहीं आया जबकि चीन हमारी जमीन के अंदर बैठा है। कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा, ‘चीन आर्थिक रूप से बेहद मजबूत है जबकि साल 2014 के बाद से हमारी अर्थव्यवस्था कमजोर हो गई है। हमारे देश के अंदर लड़ाई झगड़ा, असमंजस और नफरत है। अभी भी हमारी ढाई मोर्चों की मानसिकता है। हमारी मानसिकता संयुक्त कार्रवाई की नहीं है। भारत की स्थिति बेहद कमजोर है। इसलिए मैं बार-बार कहता हूं कि सरकार चुप नहीं रह सकती।’

राहुल ने आगे कहा, ‘भारत सरकार चुप नहीं बैठ सकती। सीमा पर जो हुआ है सरकार को देश को बताना चाहिए और आज से ही कार्रवाई शुरू करनी चाहिए। हमें पांच साल पहले ही ठोस कदम उठा लेना चाहिए था, लेकिन हमने कुछ नहीं किया। अगर जल्दी कार्रवाई नहीं की तो देश का बड़ा नुकसान होने वाला है। उन्होंने कहा कि अरुणाचल और लद्दाख में जो हो रहा है उससे मैं बेहद चिंतित हूं। गलवान और डोकलाम आपस में जुड़े हैं। ये चीन की रणनीति का हिस्सा है ताकि वो आज नहीं तो कल पाकिस्तान के साथ मिलकर हम पर हमला कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *