कांग्रेस का आरोप- ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान राहुल गांधी से मिले लोगों से IB कर रही है पूछताछ, बीजेपी का पलटवार- ‘कांग्रेस अनाप-शनाप आरोप लगाती है’

कांग्रेस पार्टी ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाते हुए कहा है कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान राहुल गांधी के साथ जिन लोगों ने यात्रा में बातचीत की, उन लोगों से आईबी पूछताछ कर रही है। जयराम रमेश ने दावा किया है कि IB (इंटेलिजेंस ब्यूरो) यात्रा में शामिल हुए लोगों से राहुल गांधी को सौंपे गए ज्ञापन की कॉपी मांग रही है।

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी निशाने पर लिया है। जयराम रमेश ने कहा है कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कुछ भी छुपा हुआ या गोपनीय नहीं है। उन्होंने पीएम मोदी और अमित शाह का बिना नाम लिए कहा कि ‘दो लोग’ परेशान हैं। रमेश ने ट्वीट किया और लिखा, “IB ऐसे कई लोगों से पूछताछ कर रही है, जिन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी के साथ बातचीत की थी। जासूस हर तरह के सवाल पूछ रहे हैं और उन्हें सौंपे गए ज्ञापन की कॉपी भी चाहते हैं। यात्रा के बारे में कुछ भी गोपनीय नहीं है लेकिन स्पष्ट रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह (G2) घबराए हुए हैं”!

कांग्रेस नेता वैभव वालिया ने ट्वीट कर बताया है कि, “23 दिसंबर की सुबह कुछ अनाधिकृत लोग हमारे एक कंटेनर में घुसे और उसमें से निकलते हुए पकड़े गए। मैंने भारत यात्रियों की ओर से सोहना सिटी थाने में शिकायत दर्ज कराई। प्रति संलग्न है। अनौपचारिक रूप से मुझे पता चला है कि वे राज्य के खुफिया अधिकारी थे”।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश के बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता नलिन कोहली ने कहा, “कांग्रेस पार्टी जिस प्रकार से अनाप शनाप आरोप लगा रही है उससे ऐसा लगता है कि वो इस यात्रा को प्रासंगिक करना चाहती है… आईबी को क्या पड़ी हुई है कि वो जाकर पूछताछ करेगी. यात्रा तो चल ही रही है।”

तमिलनाडु से राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू हुई कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 9 दिन के विश्राम के बाद नए साल में 3 जनवरी को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने वाली है। यूपी में कांग्रेस अपनी भारत जोड़ो यात्रा में अखिलेश यादव, मायावती, जयंत चौधरी को भी आमंत्रित करेगी। यही नहीं कांग्रेस के बड़े नेता सलमान खुर्शीद ने ओम प्रकाश राजभर को न्योता भी भेज दिया है। 4 जनवरी को बागपत, 5 जनवरी को शामली और 6 जनवरी को कैराना से होकर राहुल की यात्रा दूसरे चरण में हरियाणा के सोनीपत में एंट्री करेगी। हरियाणा के बाद यात्रा पंजाब होते हुए जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगी।

कन्याकुमारी से 7 सितंबर को शुरू हुई यात्रा ने अब तक 9 राज्यों का सफर तय किया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा शामिल हैं। इस दौरान इन राज्यों के 46 जिलों को कवर किया गया है। अब तक राहुल और उनके सहयोगी करीब 3000 किमी की यात्रा पूरी कर चुके हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक, कुल 150 दिन में भारत जोड़ो यात्रा को 12 राज्यों में 3 हजार 570 किमी की दूरी पैदल तय करना है। यात्रा पूरी करने के लिए राहुल को अब सिर्फ 570 किमी का सफर तय करना है। वे इस दौरान तीन राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से गुजरेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *