कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शनिवार को देश की राजधानी दिल्ली में प्रवेश कर चुकी है. शनिवार शाम को राहुल ने लालकिला से अपना संबोधन दिया और जमकर मोदी सरकार और बीजेपी पर हमला बोला। कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी ने मेरी इमेज खराब करने के लिए करोड़ों रुपए लगा दिए, मैं एक शब्द नहीं बोला, ना सफाई दी, एकदम चुप रहा। मैंने यह भी नहीं कहा कि यह गलत कह रहे हैं। इसके बाद पूरा मीडिया, वॉट्सऐप, फेसबुक पर मेरी छवि खराब करने में लग गए। लेकिन सच्चाई को छिपाने की कितनी भी कोशिश कर लो, कहीं न कहीं से सच्चाई बाहर आ ही जाती है। मैंने भारत जोड़ो यात्रा से एक महीने में देश को सच्चाई दिखा दी। और इसलिए हमने ये यात्रा कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक की है। तिरंगा को हम अब श्रीनगर में लहराएंगे।
राहुल ने कहा कि जब मैंने चलना शुरू नहीं किया तो लगता था कि देश में नफरत है। लेकिन ये सच्चाई नहीं है, पूरे देश में एकजुटता है। आज देश से नफरत मिटाने की जरूरत है। 90 प्रतिशत लोग एक-दूसरे से प्यार करते हैं। उन्होंने मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि, “मीडिया केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। वह चौबीसों घंटे हिंदू-मुस्लिम के नाम पर नफरत फैला रहा है, जबकि देश में सच्चाई यह नहीं है। मैंने इस यात्रा में पाया कि देश में लोगों के बीच भाईचारा है। सब एक दूसरे को प्यार करते हैं। यह मीडिया की गलती नहीं है, इनके पीछे जो शक्ति है वह इन्हें कंट्रोल कर रही है। यह सब वास्तविक समस्याओं से देश का ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा है”।
राहुल ने कहा कि बीजेपी वाले हिंदू धर्म की बात करते हैं। मैं पूछना चाहता हूं- हिंदू धर्म में कहां लिखा है- गरीब और कमजोर लोगों को मारना चाहिए। हिंदू धर्म कहता है कि डरो मत। ये लोग पूरे देश में 24 घंटे डर फैलाने की बात करते हैं।
राहुल ने आगे कहा कि, “देश में नरेंद्र मोदी की सरकार नहीं है, यह अंबानी-अडाणी की सरकार है। मैं 2800 किलोमीटर पैदल चला हूं, मुझे कहीं नफरत नहीं दिखी। आज देश का युवा बेरोजगार है। अगर इस देश में युवाओं को कोई रोजगार दे सकता है तो देश के किसान और छोटे व्यापारी हैं। लेकिन इनके लिए देश की बैंकों के दरवाजे बंद रहते हैं”।
उन्होंने आगे कहा, ‘चीन ने हमारी दो हजार वर्ग किलोमीटर जमीन हड़प ली। प्रधानमंत्री कहते हैं कि अंदर कोई नहीं आया। अगर कोई नहीं आया तो हमारे सेना ने उनकी सेना के साथ 21 बार बात क्यों की?
राहुल ने कहा कि हमें शर्ट और सेलफोन, जूतों के नीचे मेड इन इंडिया लिखना है। हमें वो दिन देखना है, जब कोई चीन में जाकर देखे कि मेड इन नई दिल्ली इंडिया। ये हम करके दिखा देंगे। ये देश इसे पूरा सकता है। राहुल ने लोगों को फ्लाइंग किश दिया। हम नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलेंगे।
राहुल ने और क्या क्या कहा ?
राहुल ने कहा कि मैंने युवाओं से बातचीत की तो उन्होंने कहा कि मैं इंजीनियर, डॉक्टर, आईएएस बनना चाहता हूं। लेकिन आज क्या करते हैं- पकौड़े बनाता हूं। देश में बेरोजगारी क्यों आई? इस देश को रोजगार सिर्फ स्मॉल बिजनेसमैन और किसान दे सकते हैं। ये लोग देश को रोजगार देते हैं। ये 24 घंटे लगे रहते हैं। बैंक के दरवाजे बंद रहते हैं। जबकि दो-चार करोड़पतियों को यूं ही पैसे दे दिए जाते हैं। राहुल ने नोटबंदी को किसानों और छोटे व्यापारियों को मारने के लिए हथियार बताया है।
राहुल ने कहा कि प्रेस वालों ने मुझसे पूछा कि आपको ठंड नहीं लगती है। मैंने कहा कि ये हिंदुस्तान के किसान, मजदूर और गरीबों से क्यों नहीं पूछते। मैंने 2800 किमी चल लिया… ये कोई बड़ी बात नहीं है। ये बड़ा काम नहीं किया। पूरा हिंदुस्तान चलता है। किसान, मजदूर पूरी जिंदगी में 10 हजार किमी तक चल लेता है।
राहुल ने नोटबंदी का मुद्दा उठाते हुए कहा, ‘हिंदुस्तान के दो-तीन अरबपतियों को 1 लाख करोड़, 2 लाख करोड़ यूं ही दिया जाता है। लेकिन जब हमारा युवा बैंक पहुंचता है तो उसे वहां से निकाल दिया जाता है। नोटबंदी और जीएसटी छोटे व्यापारियों को खत्म करने के खतरनाक हथियार हैं। छोटे व्यापारियों को खत्म किया जा रहा है। यह सब अडानी-अंबानी के लिए हो रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि इस यात्रा में कुत्ते भी आए। उन्हें किसी ने नहीं मारा। गाए भी आईं, सुअर भी आए। सब जानवर आए। सब लोग आए, लेकिन इसमें कोई नफरत नहीं। जैसा हमारा हिंदुस्तान है वैसी ही यह यात्रा है। कभी-कभी कोई गिरा तो उसे एक सेकेंड में लोग उन्हें उठा लेते थे। यह है हिंदुस्तान। मैं आपको एक बात बताता हूं। सच्चाई समझनी होगी। सच्चाई यह है कि जैसे इन पर लगाम लगी है (मीडिया की ओर इशारा करते हुए) वैसी हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री पर लगाम लगनी चाहिए।
राहुल ने कहा- हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री पर लगाम लगी है। उनकी गलती नहीं है। वो संभाल नहीं पा रहे हैं। उनको कंट्रोल कर लिया है। सारे पब्लिक सेक्टर भी उनके हैं। एयरपोर्ट, पोर्ट, एग्रीकल्चर, लालकिला भी उनका है। ताजमहल भी चला जाएगा। ये देश की सच्चाई है। हाइवे और सेलफोन भी उनके हैं। मगर, सच्चाई हमारी।
राहुल बोले- जब राजनीति में आया 2004 में, हमारी सरकार थी। ये प्रेस वाले प्रशंसा करते थे। 24 घंटा राहुल गांधी करते थे। फिर मैं चला गया भट्टा परसोल। वहां किसानों का जमीन का मामला छेड़ दिया। उसके बाद से पीछे पड़ गए। जमीन अधिग्रहण बिल आया। 24 घंटे पीछे पड़ गए।
शनिवार को यात्रा में अभिनेता कमल हासन, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी शामिल हुए। अभिनेता कमल हासन ने कहा, ‘मैं आईने के सामने खड़ा हुआ और खुद से कहा- यही वक्त है जब देश को मेरी सबसे ज्यादा जरूरत है। फिर मेरे अंदर से आवाज आई – ‘कमल… भारत तोड़ने की मदद मत करो, जोड़ने की मदद करो।’
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी कुछ दूरी तक यात्रा में चलीं। कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के अलावा बहुजन समाज पार्टी के सांसद श्याम सिंह यादव और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता टी सुमथि ने भी राहुल गांधी के साथ पदयात्रा की।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने अपनी मां सोनिया गांधी के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए ट्वीट किया, जो मोहब्बत इनसे मिली है, वही देश से बांट रहा हूं।
राहुल गांधी शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की समाधि स्थल, राजघाट, शक्ति स्थल, वीर भूमि और विजय घाट जाने वाले थे, लेकिन देर होने की वजह से अब राहुल रविवार को इन लोगों की समाधियों पर श्रद्धांजलि देने जाएंगे। राहुल रविवार को वीरभूमि (राजीव गांधी), शक्ति स्थल (इंदिरा गांधी), शांति वन (पं. जवाहर लाल नेहरू), विजय घाट (लाल बहादुर शास्त्री), राष्ट्रीय स्मृति स्थल (अटल बिहारी वाजपेयी), राजघाट (महात्मा गांधी) पर श्रद्धांजलि देंगे।
यात्रा के दौरान राहुल ने हजरत निजामुद्दीन औलिया की दरगाह पर चादर चढ़ाई। इससे पहले उन्होंने आश्रम चौक स्थित जयराम आश्रम में सियाराम दरबार के दर्शन किए।
भारत जोड़ो यात्रा शनिवार रात से 9 दिन के विश्राम पर रहेगी। 3 जनवरी को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से उत्तर प्रदेश में यात्रा की एंट्री होगी। 4 जनवरी को बागपत, 5 जनवरी को शामली और 6 जनवरी को कैराना से होकर राहुल की यात्रा दूसरे चरण में हरियाणा के सोनीपत में एंट्री करेगी। हरियाणा के बाद यात्रा पंजाब होते हुए जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना होगी।
कन्याकुमारी से 7 सितंबर को शुरू हुई यात्रा ने अब तक 9 राज्यों का सफर तय किया है। इनमें तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा शामिल हैं। इस दौरान इन राज्यों के 46 जिलों को कवर किया गया है। अब तक राहुल और उनके सहयोगी करीब 3000 किमी की यात्रा पूरी कर चुके हैं। तय कार्यक्रम के मुताबिक, कुल 150 दिन में भारत जोड़ो यात्रा को 12 राज्यों में 3 हजार 570 किमी की दूरी पैदल तय करना है। यात्रा पूरी करने के लिए राहुल को अब सिर्फ 570 किमी का सफर तय करना है। वे इस दौरान तीन राज्यों उत्तर प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर से गुजरेंगे।
